देश की खबरें | महत्वपूर्ण मुद्दों पर राष्ट्रीय स्तर पर साझा अभियान चलाएं विपक्षी दल: माकपा

नयी दिल्ली, 26 जून मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने विपक्षी दलों की हालिया बैठक की पृष्ठभूमि में सोमवार को कहा कि देश के धर्मनिरपेक्ष चरित्र और संविधान में निहित नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए विपक्षी पार्टियों को मिलकर काम करना चाहिए।

पार्टी के पोलित ब्यूरो ने एक बयान में विपक्षी दलों से आह्वान भी किया कि वे राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर अखिल भारतीय स्तर पर साझा अभियान चलाएं और लोगों की जीविका को बुरी तरह से प्रभावित करने वाले मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन करें।

वाम दल ने यह भी कहा कि विपक्षी दलों को इस प्रयास की शुरुआत करनी होगी कि भाजपा को विपक्ष के बंटने से जो फायदा होता है, वो 2024 के लोकसभा चुनाव में नहीं हो।

माकपा ने कहा कि देश के धर्मनिरपेक्ष चरित्र और संविधान में निहित नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए विपक्षी दलों को मिलकर काम करना चाहिए।

माकपा ने मणिपुर के मामले पर गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बुलाई गई बैठक को लेकर दावा किया कि इसका (बैठक का) कोई नतीजा नहीं निकला, क्योंकि केंद्र सरकार ने मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार को बर्खास्त करने से इनकार कर दिया है।

उसने कहा कि प्रदेश में शांति और सामान्य स्थिति सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)