भुवनेश्वर, तीन सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने रविवार को कहा कि विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के पास न तो ‘नेता’ है और न ही ‘नीति’।
ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर यहां आए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री राय ने कहा कि मुंबई में विपक्षी गठबंधन की हुई बैठक केवल पार्टियों और नेताओं का जमावड़ा था जो ‘‘घमंडी हैं, भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं और जो वंशवाद की राजनीति में विश्वास करते हैं।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘ऐसी पार्टियां और नेता एक मंच पर जमा होने का नाटक कर रहे हैं। दूसरी ओर भारत की जनता 2024 के चुनाव में 2019 के मुकाबले बड़ी जीत दिलाकर नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए एकजुट है।’’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुंबई की बैठक में विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) को संयोजक चुनना था लेकिन उसने विभिन्न पार्टियों के 13 नेताओं की समन्वय समिति बनाई।
विपक्षी गठबंधन में 28 दल शामिल हैं जो अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार का मिलकर मुकाबला करने के लिए साथ आए हैं।
‘एक देश, एक चुनाव’ और संभावित मध्यावधि चुनाव के बारे में पूछे जाने पर राय ने कहा कि अगर संसद के आगामी विशेष सत्र में यह मामला आएगा तो सभी को जानकारी मिल जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY