मुंबई, एक सितंबर विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) ने शुक्रवार को 14 सदस्यीय समिति को अंतिम रूप दिया, जिसमें कई दलों के प्रमुख नेता शामिल हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों का कहना है कि यह समन्वय समिति ही गठबंधन की सर्वोच्च इकाई के रूप में काम करेगी और उसने तुरंत सीट साझा प्रक्रिया पर काम करना शुरू कर दिया है।
सूत्रों ने बताया कि इस समिति में कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार, द्रमुक नेता टी.आर. बालू, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी और शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत शामिल हैं।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद राघव चड्ढा, समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद जावेद अली खान, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अध्यक्ष ललन सिंह, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के डी. राजा, नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की महबूबा मुफ्ती भी समिति का हिस्सा हैं।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का एक नेता भी इस समिति का हिस्सा होगा लेकिन कम्युनिस्ट पार्टी बाद में उनका नाम देगी।
सूत्रों ने बताया कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए 30 सितंबर तक सीटों के तालमेल का काम पूरा कर लिया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY