गुवाहाटी, सात मई असम की विपक्षी पार्टी ‘ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट’ (एआईयूडीएफ) ने अपने विधायक निजाम उद्दीन चौधरी को हाल में एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा के एक नेता एवं वरिष्ठ मंत्री को कथित रूप से ''हमारा आदमी'' कहने पर ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किया है।
एआईयूडीएफ के महासचिव हाफिज बशीर अहमद द्वारा शनिवार को जारी किए गए नोटिस में अलगापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक से सात दिन के भीतर अपना बयान स्पष्ट करने को कहा गया है।
नोटिस में कहा गया, "हमारे संज्ञान में आया है कि आपने एक सार्वजनिक बयान दिया जिसमें मंत्री श्री पीयूष हजारिका की यह कहकर सराहना की गई कि वह हमारे और हम उनके आदमी हैं, जो तीन मई, 2023 को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।"
अहमद ने कहा कि चौधरी के इस तरह के बयान एआईयूडीएफ के सिद्धांत और स्थिति के खिलाफ हैं, जिससे पार्टी की छवि खराब होती है तथा राजनीतिक माहौल में "गंभीर विवाद" पैदा होता है।
उन्होंने नोटिस में कहा कि इस तरह के शब्द घोर कदाचार हैं और अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने योग्य हैं।
हजारिका के पास संसदीय कार्य, जल संसाधन और सूचना एवं जनसंपर्क सहित विभिन्न मंत्रालय हैं। वह असम की भाजपा नीत गठबंधन सरकार के प्रवक्ता भी हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY