देश की खबरें | राजौरी में आतंकवादियों को पकड़ने के लिए ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ चौथे दिन भी जारी

राजौरी/जम्मू, आठ मई जम्मू कश्मीर में राजौरी जिले के कांडी वन क्षेत्र में छिपे आतंकवादियों को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों का ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ सोमवार को लगातार चौथे दिन भी जारी रहा।

अधिकारियों ने बताया कि कुछ लोगों से आतंकवादियों की संदिग्ध गतिविधियों के बारे में पूछताछ की गयी। बहरहाल, सुरक्षाबलों की आतंकवादियों से अभी कोई नई मुठभेड़ नहीं हुई है।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘कांडी वन क्षेत्र में छिपे आतंकवादियों से अभी कोई मुठभेड़ नहीं हुई है। आतंकवादियों को पकड़ने के लिए एक बड़ा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।’’

राजौरी में आतंकवाद-विरोधी अभियान के दौरान शुक्रवार को आतंकवादियों द्वारा किए गए विस्फोट में सेना के पांच जवान शहीद हो गए थे, जबकि मेजर रैंक का एक अधिकारी घायल हो गया था।

वहीं, शनिवार सुबह सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया था और एक अन्य घायल हो गया था। माना जाता है कि मारा गया आतंकवादी इस साल की शुरुआत में धांगड़ी गांव में आम लोगों पर हुए हमले में शामिल था। माना जा रहा है कि मुठभेड़ में घायल एक आतंकवादी बच निकला।

उन्होंने बताया कि अभियान का कूट नाम ‘त्रिनेत्र’ है और यह आखिरी खबर मिलने तक जारी था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)