प्रवासियों के लिए जयपुर से पटना तक श्रमिक स्पेशल ट्रेन का संचालन
उत्तर पश्चिम रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि 'श्रमिक स्पेशल ट्रेन' में केवल उन्हीं यात्रियों को अनुमति होगी जिनको राज्य सरकार द्वारा चिन्हित एवं स्क्रीनिंग किया गया है।
जयपुर, एक मई राजस्थान में फंसे हुए लगभग 1200 बिहारी प्रवासी जयपुर से पटना के लिए शुक्रवार रात को चलने वाली 'श्रमिक स्पेशल ट्रेन' से रवाना होंगे।
उत्तर पश्चिम रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि 'श्रमिक स्पेशल ट्रेन' में केवल उन्हीं यात्रियों को अनुमति होगी जिनको राज्य सरकार द्वारा चिन्हित एवं स्क्रीनिंग किया गया है।
गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को रेलवे को देश के विभिन्न भागों में फंसे हुए प्रवासियों को अपने गंतव्य स्थान पर जाने के लिये विशेष ट्रेन चलाने की अनुमति प्रदान की है।
25 मार्च से लॉकडाउन लागू होने के बाद से हजारों प्रवासी देशभर के विभिन्न हिस्सों में फंसे हुए हैं। कई लोग सैंकड़ों किलोमीटर पैदल चलकर घर पहुंचे हैं।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अभय शर्मा ने बताया कि स्पेशल रेल सेवा में केवल उन्हीं यात्रियों को अनुमति होगी जिनको राज्य सरकार द्वारा चिन्हित एवं स्क्रीनिंग किया गया है, अन्य लोग स्टेशन पर ना आयें। यात्रा करने वाले यात्रियों को फेस कवर लगाना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि इस रेलसेवा में राज्य सरकार द्वारा नामित यात्री ही यात्रा करेंगे तथा राज्य सरकार यात्रियों को स्टेशन पर बसों द्वारा लाएगी।
उन्होंने बताया कि विशेष ट्रेन में लगभग 1200 प्रवासियों के यात्रा करने की संभावना है। ट्रेन में सीटों का प्रबंधन सामाजिक दूरी के मापदंडों को ध्यान रख कर किया गया है।
उन्होंने बताया कि अगली ट्रेन का कार्यक्रम राज्य सरकार की आवश्यकता के अनुसार तय किया जायेगा।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रवासियों को अपने घर पहुंचाने के लिये स्पेशल ट्रेन चलाने के केन्द्र सरकार के निर्णय का स्वागत किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2020 10:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

