देश की खबरें | ओमन चांडी का पार्थिव शरीर तिरुवनंतपुरम से कोट्टायम लाया गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी का पार्थिव शरीर बुधवार सुबह राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम से कोट्टायम ले जाया गया। चांडी का एक दिन पहले बेंगलुरु में निधन हो गया था।

तिरुवनंतपुरम, 19 जुलाई केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी का पार्थिव शरीर बुधवार सुबह राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम से कोट्टायम ले जाया गया। चांडी का एक दिन पहले बेंगलुरु में निधन हो गया था।

दशकों लंबे अपने राजनीतिक करियर में उन्होंने एक विधायक, कांग्रेस पार्टी के नेता और एक मुख्यमंत्री के तौर पर राज्य की राजधानी में अपने जीवन का बड़ा हिस्सा गुजारा।

चांडी के पार्थिव शरीर को मालाओं एवं उनकी तस्वीरों से सुसज्जित और पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से भरी एक विशेष रूप से निर्मित ‘लो-फ्लोर’ बस में सड़क मार्ग से कोट्टायम ले जाया गया।

बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने दिवंगत नेता के समर्थन में नारे लगाए। बस को सुबह करीब सात बजकर 20 मिनट पर उनके आवास से रवाना किया गया।

जैसे ही बस राज्य की राजधानी से गुजरी, लोग अनुभवी कांग्रेस नेता की अंतिम झलक पाने के लिए कई स्थानों पर सड़क किनारे खड़े रहे।

कोट्टायम के रहने वाले राज्य के सहकारिता मंत्री वी. एन. वासवन भी चांडी के पार्थिव शरीर के साथ उनके गृहनगर गए।

आम लोगों द्वारा चांडी को श्रद्धांजलि देने के लिए कोट्टायम के थिरुनाक्कारा मैदान में व्यवस्था की गई है और उसके बाद उनके पार्थिव शरीर को पास के पुथुपल्ली में उनके आवास ले जाया जाएगा।

अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को पुथुपल्ली के गिरजाघर में किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\