देश की खबरें | जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर एक तरफ से यातायात बहाल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को शुक्रवार सुबह से एक तरफ से यातायात के लिए खोल दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बनिहाल/जम्मू, आठ जुलाई जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को शुक्रवार सुबह से एक तरफ से यातायात के लिए खोल दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मालूम हो कि रामबन जिले में भारी बारिश के बाद कई स्थानों पर भूस्खलन होने के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात कई घंटों तक पूरी तरह से बंद था।
अधिकारियों के मुताबिक, राजमार्ग पर फंसे अमरनाथ यात्रियों को ले जा रहे वाहनों को कश्मीर की तरफ जाने की अनुमति दे दी गई है।
एक अधिकारी ने बताया, ‘‘राजमार्ग पर एक तरफ से यातायात बहाल कर दिया गया है। रामबन के चंदरकूट में सुबह से फंसे उन श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई है, जो बालटाल मार्ग से अमरनाथ यात्रा कर रहे हैं।’’
अधिकारी के अनुसार, भूस्खलन का मलबे सड़क से हटा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि कश्मीर को हर मौसम में देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला 270 किलोमीटर लंबा यह राजमार्ग रामबन जिले में छह स्थानों पर पत्थर गिरने, भूस्खलन और मिट्टी धंसने के कारण अवरुद्ध हो गया था।
इससे पहले, रामबन के पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रदीप सेन ने बताया कि रामबन सेक्टर में बृहस्पतिवार देर रात तीन बजे से शुक्रवार तड़के चार बजे तक भारी बारिश हुई। सेन चंदरकूट में तैनात यात्रा अधिकारी भी हैं।
उन्होंने बताया कि मेहार, कैफेटेरिया मोड, चंबा, अनोखीफॉल, केलामोड और पंटियाल में पत्थर गिरने, भूस्खलन व मिट्टी धंसने के कारण राजमार्ग अवरुद्ध गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)