देश की खबरें | मप्र के धार जिले में ताड़ी पीने से एक व्यक्ति की मौत, तीन बीमार

धार (मध्य प्रदेश), 11 अप्रैल जिले में ताड़ी पीने से सोमवार को 50 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी और दो अन्य लोग बीमार हो गए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि हमीर सिंह की मौत बड़वानी जिले के कुक्षी के एक अस्पताल में हुई जबकि उसकी पत्नी बीना (45) और दो अन्य रुप सिंह (65) और महेश (15) की हालत खतरे से बाहर है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 130 किलोमीटर दूर दिग्वी गांव में शुक्रवार की रात चारों ने ताड़ी पी थी।

उन्होंने कहा कि बीमार पड़ने के बाद उन्हें धार जिले के कुक्षी में एक सरकारी अस्पताल में ले जाया गया और फिर आगे के इलाज के लिए बड़वानी ले जाया गया।

डही थाने के निरीक्षक प्रकाश सरोदे ने इस बात से इंकार किया कि चारों ने नकली शराब का सेवन किया था। उन्होंने कहा कि पीड़ितों ने ताड़ी पी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)