नयी दिल्ली, पांच सितंबर पंद्रह वर्ष से अधिक आयु के तीन में से लगभग एक पुरुष जननांग संबंधी कम से कम एक प्रकार के ‘ह्यूमन पैपिलोमावायरस’ (एचपीवी) संक्रमित है, और पांच में से एक में एक या अधिक लोग उच्च जोखिम वाले एचपीवी प्रकार से संक्रमित हैं।
यह बात ‘द लैंसेट ग्लोबल हेल्थ जर्नल’ में प्रकाशित एक शोध में कही गई है।
शोध से पता चलता है कि पुरुषों में अकसर जननांग एचपीवी संक्रमण होता है। इसमें एचपीवी संक्रमण को नियंत्रित करने और पुरुषों तथा महिलाओं-दोनों में संबंधित रोग की घटनाओं को कम करने के प्रयासों में पुरुषों को शामिल करने के महत्व पर जोर दिया गया है।
एचपीवी एक विषाणु संक्रमण है, जो आमतौर पर त्वचा या श्लेष्म झिल्ली में वृद्धि (मस्से जैसे उभार) का कारण बनता है। एचपीवी के 100 से अधिक प्रकार हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के वैश्विक एचआईवी, हेपेटाइटिस और यौन संचारित संक्रमण कार्यक्रम के निदेशक मेग डोहर्टी ने कहा, ‘‘पुरुषों में जननांग एचपीवी संक्रमण की व्यापकता पर यह वैश्विक अध्ययन पुष्टि करता है कि एचपीवी संक्रमण कितना व्यापक है। उच्च जोखिम वाले एचपीवी प्रकारों के साथ एचपीवी संक्रमण पुरुषों में जननांग पर मस्से जैसे उभार और मुख, लिंग तथा गुदा कैंसर का कारण बन सकता है।’’
डोहर्टी ने एक बयान में कहा, "हमें एचपीवी संक्रमण को रोकने और पुरुषों तथा महिलाओं दोनों में एचपीवी से संबंधित बीमारी की घटनाओं को कम करने के प्रयास जारी रखने चाहिए।"
‘इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर’ का अनुमान है कि 2018 में एचपीवी के कारण पुरुषों में कैंसर के लगभग 69,400 मामले थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY