एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | नगालैंड में भारी बारिश से एक व्यक्ति की मौत, कई लापता

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नागालैंड के चुमौकेदिमा जिले में भारी बारिश के कारण कई मकान और राष्ट्रीय राजमार्ग-29 का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य लापता हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | नगालैंड में भारी बारिश से एक व्यक्ति की मौत, कई लापता

कोहिमा, चार सितंबर नागालैंड के चुमौकेदिमा जिले में भारी बारिश के कारण कई मकान और राष्ट्रीय राजमार्ग-29 का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य लापता हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना मंगलवार रात को हुई, जब जिले के फेरिमा में मूसलाधार बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ में सड़क के किनारे स्थित मकान क्षतिग्रस्त हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि चुमौकेदिमा जिला प्रशासन स्थिति का आकलन कर रहा है, जबकि लापता लोगों का पता लगाने के लिए खोज अभियान शुरू कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि राज्य की राजधानी कोहिमा को वाणिज्यिक केंद्र दीमापुर से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-29 का एक हिस्सा पूरी तरह बह गया है।

मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि राज्य सरकार राहत और बचाव प्रयासों के लिए केंद्र के साथ बातचीत कर रही है।

रियो ने कहा, ‘‘लगातार बारिश के कारण एनएच-29 पर बड़े पैमाने पर हुए विनाश से मैं बहुत चिंतित हूं। अधिकारी मौके पर जाकर स्थिति का आकलन कर रहे हैं और प्रभावित लोगों की मदद की जा रही हैं। राज्य सरकार तत्काल उपाय करने और जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए भारत सरकार तथा राष्‍ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) से संपर्क बनाए रखेगी’’।

उपमुख्यमंत्री टी. आर. जेलियांग ने कहा, ‘‘कल रात फेरिमा और पगला पहाड़ के पास हुई दुर्भाग्यपूर्ण आपदा के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। इसमें जान-माल का नुकसान हुआ है। खोज और बचाव अभियान अभी भी जारी है, लापता लोगों की सुरक्षा के लिए सब मिलकर प्रार्थना करें।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 04, 2024 11:52 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).