देश की खबरें | निजी बैंक के प्रबंधक की हत्या करने और 1.17करोड़ रुपये लूटने के मामले में एक गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात के महिसागर जिले में एक निजी बैंक के प्रबंधक की कथित रूप से हत्या कर उसकी कार से 1.17 करोड़ रुपये लूटने और उसके शव को जंगल में फेंकने के आरोप में 20 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
लुनावड़ा, पांच अक्टूबर गुजरात के महिसागर जिले में एक निजी बैंक के प्रबंधक की कथित रूप से हत्या कर उसकी कार से 1.17 करोड़ रुपये लूटने और उसके शव को जंगल में फेंकने के आरोप में 20 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
लूनावड़ा संभाग के पुलिस उपाधीक्षक पी एस वाल्वी ने बताया कि दो दिन पहले दाहोद के विशाल पाटिल (35) की आरोपी हर्षिल पटेल ने हत्या कर दी थी। उन्होंने बताया कि पाटिल बालासिनोर शहर में काम करते थे और वह कुछ समय से पटेल को जानते थे।
वाल्वी ने बताया, ‘‘तीन अक्टूबर की शाम को पाटिल ने (बैंक की) शाखा से 1.17 करोड़ रुपये लेकर उसे दाहोद शाखा में जमा कराने के लिए अपनी कार से निकल पड़े।’’
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि शांतरामपुर तालुका के गोथिब गांव के पटेल को जब पता चला कि पाटिल अकेले जा रहे हैं तो उसने उससे नकद लूटने की साजिश रच डाली और उसने पाटिल से रास्ते में उससे मिलने को कहा।
उन्होंने बताया कि पाटिल जब देर रात तक दाहोद शाखा नहीं पहुंचे और फोन से भी कोई जवाब नहीं मिल रहा था, तब बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने उनके परिवार से संपर्क किया।
उन्होंने बताया कि चार अक्टूबर को पाटिल के बेटे ने अपने पिता की कार की जीपीएस सेवा का इस्तेमाल किया और पुलिस को बताया कि गाड़ी का आखिरी ठिकाना शांतरामपुर तालुका का गोधर गांव है।
वाल्वी ने कहा, ‘‘स्थानीय पुलिस ने हमें बताया कि तीन अक्टूबर की रात में कार में आग लग गयी लेकिन उसके अंदर कोई नहीं था। जब बुधवार को हमें जली हुई कार मिली तब उसमें नकद भी नहीं था। काफी सघन तलाशी के बाद हमें कडाना गांव के पास जंगल में पाटिल का शव मिला। हमारी जांच में इस अपराध में पटेल का हाथ नजर आया तब हमने उसे गिरफ्तार कर लिया।’’
उन्होंने कहा कि पुलिस ने पटेल के पास से 1.17 करोड़ रुपये नकद बरामद किया है।
पुलिस उपाधीक्षक के अनुसार पटेल के कहने पर जब पाटिल उसके गांव के समीप अपनी कार रोकी तब आरोपी ने अपनी बंदूक से उसके सिर में गोली मार दी।
उन्होंने बताया कि नकद अपने घर में छिपाने के बाद पटेल ने पाटिल का शव समीप के जंगल में फेंक दिया और पुलिस को गुमराह करने के लिए कार में आग लगा दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 05, 2023 06:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

