देश की खबरें | वाल्मीकि जयंती पर खरगे और राहुल ने वाल्मीकि मंदिर में दर्शन किए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को वाल्मीकि जयंती के अवसर पर यहां वाल्मीकि मंदिर में पूजा-अर्चना की।
नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को वाल्मीकि जयंती के अवसर पर यहां वाल्मीकि मंदिर में पूजा-अर्चना की।
महर्षि वाल्मीकि हिंदू महाकाव्य रामायण के रचयिता हैं।
वाल्मीकि मंदिर में दर्शन के बाद खरगे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘वाल्मीकि जयंती पर मैंने यहां पर भगवान वाल्मीकि के दर्शन किये। मैं समस्त वाल्मीकि समाज को शुभकामनाएं देता हूं । देश में वाल्मीकि समाज आर्थिक और शिक्षा की दृष्टि से बहुत कमजोर है। इस समाज को अगर ऊपर आना है, तो हम सब लोगों को उनकी शिक्षा की तरफ ध्यान देना जरूरी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब हम लोग शिक्षा की तरफ ध्यान देंगे, समाज में सामाजिक न्याय भी मिलेगा और सभी लोग आगे बढ़ेंगे।’’
राहुल गांधी ने वाल्मीकि मंदिर की अपनी कई तस्वीरें सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा कीं और लिखा, ‘‘महाकाव्य रामायण के रचनाकार, आदिकवि महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती पर आप सभी को शुभकामनाएं। आज सुबह इस सुअवसर पर दिल्ली में वाल्मीकि मंदिर में दर्शन किए। इस परिसर में महात्मा गांधी जी ने वाल्मीकि समाज के साथ काफी वक्त बिताया था, बापू निवास में कुछ समय रुककर प्रेरणा प्राप्त की।’’
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मानवता को प्रेम और करुणा युक्त सत्य, न्याय और समरसता का मार्ग दिखाने वाले महान तपस्वी महर्षि वाल्मीकि जी को शत् शत् नमन।’’
वाल्मीकि मंदिर में पूजा करने के बाद राहुल गांधी ने ‘10 जनपथ’ पर वाल्मीकि समाज के कई प्रतिनिधियों से मुलाकात की। ‘10 जनपथ’ कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी का आधिकारिक आवास है और राहुल गांधी भी वहां रहते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)