देश की खबरें | मुख्यमंत्री के लिए चेहरे के सवाल पर प्रियंका ने कहा: क्या कोई कोई दूसरा चेहरा नजर आ रहा है?

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने शुक्रवार को परोक्ष रूप से कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी का चेहरा वह खुद हैं, हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह चुनाव लड़ेंगी या नहीं।

नयी दिल्ली, 21 जनवरी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने शुक्रवार को परोक्ष रूप से कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी का चेहरा वह खुद हैं, हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह चुनाव लड़ेंगी या नहीं।

मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस की ओर से चेहरे के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘‘क्या आपको कोई दूसरा चेहरा नजर आ रहा है?’’

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए ‘भर्ती विधान: युवा घोषणापत्र’ जारी करते हुए प्रियंका ने एक सवाल के जवाब में यह टिप्पणी की।

प्रियंका गांधी ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद सरकार गठन के लिए विपक्षी दलों के गठबंधन की परिस्थिति पैदा होने पर उनकी पार्टी इस पर विचार करेगी।

उन्होंने कहा कि अगर ऐसी किसी गठबंधन सरकार में कांग्रेस शामिल होगी तो उसकी एक शर्त युवाओं और महिलाओं से जुड़े अपने एजेंडे को लागू कराने की होगी।

उनसे सवाल किया गया कि क्या चुनाव के बाद जरूरत पड़ने पर कांग्रेस विपक्ष के गठबंधन में शामिल होगी?

इसके जवाब में कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी ने कहा, ‘‘अगर ऐसी परिस्थिति आती है तो इस बारे में विचार किया जाएगा। अगर ऐसी परिस्थिति आई तो हम यह चाहेंगे कि जो हमारा एजेंडा युवाओं और महिलाएं के लिए है, वो पूरा हो। यह हमारी एक शर्त होगी।’’

उन्होंने यह भी कहा कि उनके चुनाव लड़ने के बारे में फिलहाल कोई फैसला नहीं हुआ है।

प्रियंका ने कहा, ‘‘अगर यह तय होगा तो आप लोगों को पता चल जाएगा।’’

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सात चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को और सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान सात मार्च को होगा। मतगणना 10 मार्च को होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\