देश की खबरें | असम में राष्ट्रव्यापी हड़ताल के पहले दिन, परिवहन व बैंकिंग सेवाएं रहीं प्रभावित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्र सरकार की ‘गलत नीतियों’ के खिलाफ ट्रेड यूनियन की ओर से आहूत राष्ट्रव्यापी हड़ताल के पहले दिन सोमवार को असम में सार्वजनिक परिवहन सड़कों से नदारद रहा, जबकि बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों में सेवाएं प्रभावित हुईं।
गुवाहाटी, 28 मार्च केंद्र सरकार की ‘गलत नीतियों’ के खिलाफ ट्रेड यूनियन की ओर से आहूत राष्ट्रव्यापी हड़ताल के पहले दिन सोमवार को असम में सार्वजनिक परिवहन सड़कों से नदारद रहा, जबकि बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों में सेवाएं प्रभावित हुईं।
पुलिस ने बताया कि कई ट्रेड यूनियन से संबंधित प्रदर्शनकारियों ने जब गुवाहाटी क्लब से दो दिन की हड़ताल के समर्थन में मार्च निकालने की कोशिश की, तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। हालांकि, बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
हड़ताल के पहले दिन शहर और लंबी दूरी की बसों, कैब सेवाओं, ऑटो-रिक्शा और अन्य वाणिज्यिक वाहनों ने परिचालन नहीं करने का फैसला किया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बैंक, बीमा कंपनियां और अन्य सभी सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थागत वित्तीय प्रतिष्ठान बंद रहे, क्योंकि कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं आए।
हड़ताल में विभिन्न यूनियन के भाग लेने के कारण तेल कंपनियों की टैंकर सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
सेंट्रल ट्रेड यूनियन के संयुक्त मंच ने 28-29 मार्च को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)