देश की खबरें | मुंडे के खिलाफ आरोपों पर भाजपा नेता ने कहा कि इस महिला ने उन्हें भी परेशान किया है
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

मुंबई, 14 जनवरी भाजपा नेता कृष्ण हेगड़े ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि महाराष्ट्र के मंत्री व राकांपा नेता धनंजय मुंडे पर बलात्कार का आरोप लगाने वाली महिला पिछले कई साल से उन्हें भी परेशान कर रही है।

अम्बोली पुलिस को लिखे पत्र में पूर्व विधायक ने कहा कि आरोप लगाने वाले महिला 2010 से ही उन्हें फंसाने का प्रयास कर रही है। हेगड़े कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए हैं।

उन्होंने दावा किया कि महिला ने इसी तरीके से एक अन्य नेता को भी फंसाने का प्रयास किया है।

मुंडे ने पहले ही महिला के आरोपों का खंडन किया है। गौरतलब है कि 37 वर्षीय महिला के आरोपों के बाद भाजपा ने मुंडे के इस्तीफे की मांग की है।

हेगड़े ने कहा कि महिला उन्हें (हेगड़े) अलग-अलग नंबरों से कॉल और मैसेज करती थी, और यह 2015 तक जारी रहा, लेकिन उन्होंने साफ कह दिया था कि उन्हें महिला से मिलने में कोई दिलचस्पी नहीं है।

उन्होंने कहा कि मुंडे के खिलाफ आरोपों के बारे में पढ़कर उन्हें सदमा लगा और इसलिए वह पुलिस के पास गए।

पत्र में उन्होंने दावा किया है, ‘‘यह लुभाने, मोहपाश में फंसाने, ब्लैकमेल और धन ऐंठने का तरीका है और मैं मुंबई पुलिस से अनुरोध करुंगा कि वह प्राथमिकी दर्ज करे और इस मामले को तार्किक अंजाम तक पहुंचाए।’’

पत्रकारों से बातचीत में हेगड़े ने दावा किया कि इस महिला ने एक अन्य नेता को भी फंसाने का प्रयास किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए यह राजनीतिक मुद्दा नहीं है। यह मुंडे के साथ हुआ है, मेरे साथ भी हो सकता था और भविष्य में किसी और के साथ भी हो सकता है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)