एजेंसी न्यूज

अख्तर के सुझाव पर कपिल ने कहा, भारत को धन नहीं चाहिए, इस समय क्रिकेट नहीं करा सकते

अख्तर ने बुधवार को पीटीआई से बात करे हुए बंद स्टेडियम में श्रृंखला कराने का प्रस्ताव दिया था और कपिल ने कहा कि यह संभव नहीं है।

अख्तर के सुझाव पर कपिल ने कहा, भारत को धन नहीं चाहिए, इस समय क्रिकेट नहीं करा सकते

नयी दिल्ली, नौ अप्रैल महान क्रिकेटर कपिल देव ने गुरूवार को शोएब अख्तर के कोविड-19 महामारी के लिये धन जुटाने के मद्देनजर भारत और पाकिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के सुझाव को खारिज करते हुए कहा कि भारत को धन की जरूरत नहीं है और क्रिकेट मैच के लिये जिंदगियों का जोखिम लेने की जरूरत नहीं है।

अख्तर ने बुधवार को पीटीआई से बात करे हुए बंद स्टेडियम में श्रृंखला कराने का प्रस्ताव दिया था और कपिल ने कहा कि यह संभव नहीं है।

कपिल ने पीटीआई से कहा, ‘‘उनकी अपनी राय है लेकिन हमें धन जुटाने की जरूरत नहीं है। हमारे पास काफी है। हमारे लिये इस समय एक चीज अहम है कि हमारा प्रशासन मिलकर इस संकट से कैसे निपटता है। मैं टीवी पर राजनेताओं के काफी आरोप प्रत्यारोप देख रहा हूं और यह भी रूकना चाहिए। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘वैसे भी बीसीसीआई ने इस महामारी के लिये काफी बड़ी राशि (51 करोड़ रूपये) दान दी है और अगर जरूरत पड़ती है तो वह इससे भी ज्यादा दान दे सकता है, उसे इस तरह धन जुटाने की जरूरत नहीं है। ’’

विश्व कप विजेता टीम के पूर्व कप्तान ने कहा, ‘‘हालात के इतनी जल्दी सामान्य होने की संभावना नहीं है और क्रिकेट मैच आयोजित करने का मतलब है कि अपने क्रिकेटरों को जोखिम में डालना जिसकी हमें जरूरत नहीं है। ’’

कपिल ने कहा कि कम से कम अगले छह महीनों तक क्रिकेट मायने नहीं रखता। उन्होंने कहा, ‘‘यह जोखिम लेने के लायक नहीं है। और आप इन तीन मैचों से कितनी राशि जुटा सकते हो। मेरे विचार से आप अगले पांच से छह महीनों तक क्रिकेट के बारे में सोच भी नहीं सकते। ’’

उन्होंने कहा कि इस समय ध्यान सिर्फ जिंदगियां बचाने पर और गरीबों की देखभाल करने का होना चाहिए जिन्हें लॉकडाउन में काफी मुश्किल हो रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 09, 2020 03:11 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).