देश की खबरें | ओमीक्रोन: तीन और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली स्थित एलएनजेपी अस्पताल के विशेष केंद्र में सोमवार को तीन और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को भर्ती कराया गया जिनमें से दो लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं और एक संदिग्ध मामला है।
नयी दिल्ली, छह दिसंबर दिल्ली स्थित एलएनजेपी अस्पताल के विशेष केंद्र में सोमवार को तीन और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को भर्ती कराया गया जिनमें से दो लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं और एक संदिग्ध मामला है।
लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल (एलएनजेपी) के संबंधित विशेष केंद्र में कोरोना वायरस के नए स्वरूप ‘ओमीक्रोन’ से संक्रमित लोगों को पृथक-वास में रखने और उनके उपचार की व्यवस्था है।
दिल्ली सरकार द्वारा संचालित अस्पताल के निदेशक सुरेश कुमार ने कहा, ‘‘वर्तमान में केंद्र में कुल 26 लोग हैं जिनमें से 19 संक्रमित हैं और सात संदिग्ध मामले हैं। आज पहुंचे तीन अंतरराष्ट्रीय यात्रियों में से दो कोविड-19 से पीड़ित पाए गए हैं। तीनों भारतीय हैं और वे दुबई, फ्रांस तथा ब्रिटेन से आए हैं।’’
दिल्ली में रविवार को ‘ओमीक्रोन’ का पहला मामला सामने आया था जिसमें तंजानिया से पहुंचा और कोविड रोधी टीके की दोनों खुराक ले चुका 37 वर्षीय एक व्यक्ति संक्रमित मिला।
रांची निवासी मरीज ने दो दिसंबर को कतर एयरवेज की उड़ान से तंजानिया से दोहा और वहां से दिल्ली की यात्रा की थी। वह एक हफ्ते तक दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग में रहा। उसे "हल्के लक्षण" हैं।
जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजे गए 17 में से 12 नमूनों के नतीजे रविवार को जारी किए गए। इनमें से 11 ‘ओमीक्रोन’ से संक्रमित नहीं मिले।
इस बीच, एक अन्य अधिकारी ने कहा कि जो लोग ‘ओमीक्रोन’ से संक्रमित नहीं मिले हैं, उन्हें तब तक केंद्र में रखा जाएगा जब तक कि उनकी कोविड-19 जांच संबंधी रिपोर्ट दो बार निगेटिव नहीं आ जाती।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 06, 2021 08:57 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

