Jammu and Kashmir: उमर अब्दुल्ला ने गोलाबारी प्रभावित इलाकों का दौरा किया, घरों के पुनर्निर्माण में मदद का वादा किया
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तान की गोलेबारी से प्रभावित लोगों को घरों के पुनर्निर्माण में हरसंभव मदद का आश्वासन देते हुए बुधवार को कहा कि ‘‘मेरे लोगों का दर्द अत्यंत व्यक्तिगत है’’.
श्रीनगर, 14 मई : जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तान की गोलेबारी से प्रभावित लोगों को घरों के पुनर्निर्माण में हरसंभव मदद का आश्वासन देते हुए बुधवार को कहा कि ‘‘मेरे लोगों का दर्द अत्यंत व्यक्तिगत है’’. अब्दुल्ला ने उत्तरी कश्मीर में बारामूला जिले के सलामाबाद, लगमा, बांदी और गिंगल सहित उरी के गोलाबारी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया. मुख्यमंत्री के साथ उनके सलाहकार नासिर असलम वानी, उरी के विधायक सज्जाद उरी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी थे. मुख्यमंत्री स्थिति का जायजा लेने, लोगों को हुए नुकसान का प्रत्यक्ष विवरण प्राप्त करने और उनका दर्द साझा करने के लिए केंद्र शासित प्रदेश के गोलाबारी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं.
अब्दुल्ला ने उरी में गोलाबारी से क्षतिग्रस्त हुए घरों में रहने वाले परिवारों से बातचीत में कहा, ‘‘सरकार की ओर से आपको मदद मुहैया कराना हमारी जिम्मेदारी है, ताकि आपके घर फिर से बन सकें.’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि उरी के लोगों ने कई बार दर्द सहा है, लेकिन हर बार हिम्मत और दृढ़ता के साथ आगे बढ़े हैं. अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उरी के सलामाबाद, लगमा, बांदी और गिंगल सहित गोलेबारी से प्रभावित इलाकों का दौरा किया. इस भूमि ने बहुत कुछ सहा है - 2005 के भूकंप के प्रभाव से लेकर सीमा पार से गोलेबारी के दर्द तक. फिर भी, इसके लोग हर बार अपने दिलों में साहस और अपनी आत्मा में जुझारूपन लेकर आगे बढ़ते हैं.’’ यह भी पढ़ें : नए सीजेआई गवई ने अनुच्छेद 370, बलात्कार, बुलडोजर न्याय जैसे मामलों में ऐतिहासिक फैसले सुनाए
इससे पहले एक पोस्ट में अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों का दर्द उनके लिए ‘बहुत व्यक्तिगत’ है. उन्होंने कहा, ‘‘हाल में हुई गोलेबारी से प्रभावित लोगों से मिलने के लिए आज उरी जा रहा हूं. पिछले कुछ दिनों में, मैंने अपने लोगों के अपार दर्द, नुकसान और अकल्पनीय साहस को देखा है. ये दौरे खुशी साझा करने और विकास की बात करने के लिए होने चाहिए थे, न कि संवेदना व्यक्त करने के लिए. मेरे लोगों का दर्द बहुत व्यक्तिगत है.’’
(The above story first appeared on LatestLY on May 14, 2025 01:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

