देश की खबरें | निर्वाचन आयोग से इजाजत मिल गई तो उचाना से चुनाव लड़ेंगे ओम प्रकाश चौटाला : अभय चौटाला

जींद, 11 जुलाई इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने घोषणा की है कि पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला हरियाणा की उचाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।

इनेलो की मंगलवार को जींद में हुई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में फैसला लिया गया कि उचाना से ओमप्रकाश चौटाला चुनाव लड़ेंगे। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में इनेलो नेता एवं विधायक अभय चौटाला ने कहा कि यदि निर्वाचन आयोग से अनुमति मिली तो इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ही उचाना से चुनाव लड़ेंगे, इसके लिए इनेलो की तरफ से तैयारी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि इस सीट से ओम प्रकाश चौटला के चुनाव लड़ने की अनुमित के लिए निर्वाचन आयोग को पत्र लिखा गया है।

ओमप्रकाश चौटाला पहले भी उचाना से विधायक रह चुके हैं। लेकिन जेबीटी भर्ती घोटाले में उनको सजा हो गई थी। वह सजा अब पूरी हो चुकी है। अब चुनाव लड़ने के लिए आयोग से अनुमति लेनी पड़ेगी।

हरियाणा में विधानसभा चुनाव अगले साल प्रस्तावित हैं।

मंगलवार को इनेलो की राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी की बैठक पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए चौटाला ने आरोप लगाया कि इस सरकार ने देश में लोगों को जाति एवं धर्म में बांटकर उनके बीच बहुत बड़ी दीवार खड़ी कर दी है।

उन्होंने कहा कि ‘‘लुटेरी’’ सरकार का जब कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता तो मतदाताओं को लोकतांत्रिक तरीके से ऐसी सरकार को सत्ता से बाहर कर देना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)