Uttar Pradesh: वृन्दावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के दौरान वृद्ध श्रद्धालु की दम घुटने से मौत
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में 65 वर्षीय वृद्ध की ठा. बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के दौरान भीड़ में दम घुटने से शनिवार को मौत हो गई.
मथुरा, 13 फरवरी : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में 65 वर्षीय वृद्ध की ठा. बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के दौरान भीड़ में दम घुटने से शनिवार को मौत हो गई. वृन्दावन के संयुक्त जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस के जैन ने बताया कि शनिवार दोपहर मथुरा निवासी लक्ष्मण को उनके परिजन अचेत अवस्था में अस्पताल लेकर आए थे,चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परिजनों ने बताया कि जब वे लोग मंदिर में दर्शन करने पहुंचे तब वहां बहुत अधिक भीड़ थी, जिसके चलते लक्ष्मण का दम घुटने लगा तो उन्हें वहां से निकाल कर बाहर ले जाया गया, परंतु मंदिर के बाहर तक पहुंचते-पहुंचते वह बेहोश हो गए. इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. यह भी पढ़ें : UP में भाजपा के स्थानीय नेता की हत्या मामले में पुलिस ने पत्नी सहित चार लोगों को गिफ्तार किया
मंदिर प्रबंधन का कहना है कि उसे किसी श्रद्धालु की मृत्यु हो जाने की फिलहाल कोई जानकारी नहीं है. उसने कहा कि वैसे भी, कोरोना काल में प्रशासक के आदेशानुसार एक पाली में केवल दो हजार श्रद्धालुओं को ही दर्शन कराने की व्यवस्था पर अमल किया जाता रहा है, परंतु आज साप्ताहिक अवकाश एवं जया एकादशी पर्व होने के चलते इतनी भीड़ हो गई कि सारी व्यवस्थाएं बिगड़ गईं.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 13, 2022 09:24 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

