विदेश की खबरें | हैती में तेल टैंकर में विस्फोट, 40 से अधिक लोगों की मौत, दर्जनों घायल

प्रधानमंत्री एरियल हेनरी ने मंगलवार को कहा कि विस्फोट कैप-हैतीयन शहर में हुआ। उन्होंने कहा कि वह इस घटना से अत्यंत दुखी हैं।

पुलिस की ओर से घटना का तत्काल कोई और विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया है।

ले नोवेलिस्टे अखबार ने जानकारी दी कि हादसे में दर्जनों लोग घायल हुए हैं और अस्पतालों में आवश्यक चीजों की कमी है।

डॉक्टर कैलहिल ट्यूरेन ने अखबार से कहा, ‘‘हमें बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।’’

कैप-हैतीयन में काम करनेवाले सिविल इंजीनियर डेव लारोज़ ने बताया कि वह अपराह्न लगभग एक बजे गाड़ी चला रहे थे कि तभी उन्हें एम्बुलेंस वाहन आते दिखे और सड़क पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।

लारोज़ ने कहा कि कुछ लोग घटना के बाद ट्रक से और सड़क से बाल्टियों में भरकर तेल अपने घर ले जा रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा देश जिस दौर से गुजर रहा है, वह अत्यंत दुखद है।’’

तेल टैंकर में विस्फोट ऐसे समय हुआ है जब हैती को ईंधन की भारी कमी और इसके दामों में लगातार जारी वृद्धि जैसी समस्या से जूझना पड़ रहा है।

हैती के पूर्व प्रधानमंत्री क्लॉड जोसफ ने हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, "मैं अत्यंत दुखी हूं और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)