देश की खबरें | इस्लामिक सांस्कृतिक केंद्र के साइनबोर्ड पर आपत्तिजनक पोस्टर, हिंदू सेना ने किया दावा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजधानी के लोधी रोड स्थित भारतीय इस्लामिक सांस्कृतिक केंद्र (आईआईसीसी) के एक साइनबोर्ड पर कथित दक्षिणपंथी समूह हिन्दू सेना ने रविवार को आपत्तिजनक पोस्टर लगा दिया। हालांकि इन पोस्टरों को तुरंत हटा लिया गया और इस सिलसिले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
नयी दिल्ली, एक नवंबर राजधानी के लोधी रोड स्थित भारतीय इस्लामिक सांस्कृतिक केंद्र (आईआईसीसी) के एक साइनबोर्ड पर कथित दक्षिणपंथी समूह हिन्दू सेना ने रविवार को आपत्तिजनक पोस्टर लगा दिया। हालांकि इन पोस्टरों को तुरंत हटा लिया गया और इस सिलसिले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
हिंदू सेना ने दावा किया कि उसके कार्यकर्ता दुनिया में, खासकर फ्रांस में "कट्टरपंथी आतंकवादी गतिविधियों" का जवाब दे रहे थे।
पुलिस ने कहा कि पोस्टरों को तुरंत हटा दिया गया और नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) से जानकारी मिलने के बाद तुगलक रोड थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पोस्टर में ‘‘जिहादी आतंकवादी इस्लामिक सेंटर" लिखा हुआ था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि दिल्ली संपत्ति संरक्षण अधिनियम के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आसपास के क्षेत्र में और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है।
एक एनडीएमसी अधिकारी ने कहा कि पुलिस को नियमों के अनुसार कार्रवाई करने के लिए सूचित किया गया था।
हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने कहा कि उन्हें पता चला है कि उनके समूह के कुछ कार्यकर्ता इसके पीछे थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)