देश की खबरें | ओडिशा ट्रेन हादसा : एक और व्यक्ति की मौत होने से मृतक संख्या 293 हुई

कटक (ओडिशा), 29 जून ओडिशा के बालासोर में दो जून को हुए ट्रेन हादसे में बिहार के 24 वर्षीय व्यक्ति की यहां एससीबी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 293 हो गयी है।

अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मनीष कुमार के रूप में की गयी है। उसकी अस्पताल के आईसीयू में इलाज के दौरान दोपहर करीब डेढ़ बजे मौत हो गयी।

कुमार को ट्रेन हादसे में गंभीर चोटें आयी थी और उसे तीन जून को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इस हादसे में 287 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी थी जबकि बाद में कटक में पांच लोगों और भद्रक में एक व्यक्ति की मौत हुई थी।

गौरतलब है कि चेन्नई जाने वाली कोरोमंडल एक्सप्रेस, हावड़ा जाने वाली एसएमवीपी-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी दो जून को बालासोर जिले के बहनागा बाजार स्टेशन के पास एक घातक दुर्घटना का शिकार हो गई थी।

अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि सरकारी एससीबीएमसीएच में 22 अन्य घायल लोगों का उपचार किया जा रहा है जिनमें से पांच आईसीयू में हैं तथा 17 को विभिन्न वार्डों में भर्ती कराया गया है।

इस बीच, 81 शवों की अभी तक शिनाख्त नहीं की गयी है। इन शवों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, भुवनेश्वर में रखा गया है।

एक शव पर कई लोगों के दावा जताने के कारण करीब 84 लोगों ने डीएनए जांच के लिए अपने रक्त के नमूने दिए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)