देश की खबरें | ओडिशा कांग्रेस कार्यकारी समिति बैठक:2024 के लोकसभा, विधानसभा चुनावों के लिए रणनीति पर चर्चा हुई

भुवनेश्वर, 22 जुलाई कांग्रेस की ओडिशा इकाई की कार्यकारी समिति की बैठक में अगले साल होने वाले लोकसभा और राज्य विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति पर चर्चा हुई। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने शनिवार को यह जानकारी दी।

ऐसा बताया जा रहा है कि ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) ने बाराबती-कटक विधायक मोहम्मद मोकिम और ओपीसीसी के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष चिरंजीब बिस्वाल के समर्थकों के आंदोलन के कारण राज्य मुख्यालय के बजाय एक होटल में अपनी राज्य कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित की।

मोकिम और बिस्वाल को 15 जुलाई को पार्टी से निलंबित कर दिया गया था।

ओपीसीसी अध्यक्ष शरत पटनायक ने दावा किया कि बैठक में निलंबन मामले पर चर्चा नहीं हुई।

पटनायक ने दावा किया कि पार्टी में कोई असंतोष नहीं है और सभी बीजू जनता दल (बीजद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ लड़ने के लिए एकजुट हैं।

पटनायक ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मोकिम और बिस्वाल का निलंबन व्यक्तिगत मामला है, जिस पर अलग-अलग मंच पर चर्चा की जा सकती है। राज्य कार्यसमिति की बैठक आगामी 2024 के आम चुनाव पर केंद्रित है। हम एक खाका तैयार कर रहे हैं।’’

कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में मोकिम और बिस्वाल को निलंबित कर दिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)