एजेंसी न्यूज

Odisha: कांग्रेस, भाजपा ने ‘हनी ट्रैप’ मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की

ओडिशा में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने भुवनेश्वर के ‘हनी ट्रैप’ मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. दोनों पार्टियों ने राज्य में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) पर मामले में शामिल लोगों को बचाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है.

Odisha: कांग्रेस, भाजपा ने ‘हनी ट्रैप’ मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की
(Photo Credit : Twitter)

भुवनेश्वर, 12 अक्टूबर : ओडिशा में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने भुवनेश्वर के ‘हनी ट्रैप’ मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. दोनों पार्टियों ने राज्य में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) पर मामले में शामिल लोगों को बचाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. भाजपा ने मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग करते हुए आरोप लगाया है कि राज्य के कई मंत्री इसमें शामिल हैं. भाजपा के महिला मोर्चे की अध्यक्ष स्मृति पटनायक ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘पुलिस मामले की उचित जांच करने में पूरी तरह से विफल रही है, जिसमें बताया जा रहा है कि राज्य के मंत्री सहित सत्तारूढ़ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं. पुलिस के ‘ब्लैकमेलिंग’ गिरोह से जुड़े सभी लोगों के नामों का खुलासा न करने से संदेह और बढ़ गया है.’’

पुलिस के मुताबिक, कालाहांडी की रहने वाली एक महिला को पिछले सप्ताह प्रभावशाली लोगों को (झांसा देकर) ‘हनी ट्रैप’ में फंसाकर जबरन वसूली करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. महिला ने कथित तौर पर सोशल मीडिया पर इन लोगों से दोस्ती की थी और उनके साथ अंतरंग तस्वीरें लेने के बाद उन्हें ‘ब्लैकमेल’ करती थी. पटनायक ने आरोप लगाया कि मामले में महिला का पति भी शामिल था, जिसे गिरफ्तार न करके पुलिस उसे सबूत मिटाने का मौका दे रही है. पटनायक ने कहा, ‘‘ऐसा प्रतीत होता है कि इस गिरोह में सत्ताधारी दल और राज्य सरकार की सीधी संलिप्तता है. दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है. यह मामला सीबीआई को सौंपे जाने के लिए उपयुक्त है, क्योंकि राज्य पुलिस इसकी जांच करने में असमर्थ है.’’ यह भी पढ़ें : Big Breaking: पंजाब पुलिस को हाई कोर्ट से झटका, बीजेपी नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा के खिलाफ दर्ज FIR को किया रद्द, केजरीवाल के खिलाफ बयान का मामला

वहीं, कांग्रेस ने अदालत की निगरानी में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा मामले की जांच कराए जाने की मांग की.

कांग्रेस नेता देबाशीष पटनायक ने आरोप लगाया, ‘‘सत्तारूपढ़ पार्टी के कई सदस्य मामले में शामिल हैं और ब्लैकमेल कर करोड़ों रुपये वसूलने वाली महिला व उसके पति को बचाने की कोशिश कर रहे हैं.’’ हालांकि, बीजद ने आरोपों को खारिज करते हुए कांग्रेस और भाजपा से मामले में शामिल उसके नेताओं के खिलाफ सबूत पेश करने को कहा. बीजद प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने कहा, ‘‘अगर भाजपा के पास कोई भी तस्वीर या अन्य कोई सबूत हैं तो आरोप लगाने के बाजय उसे सार्वजनिक रूप से पेश करे. मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि मामले में बीजद की संलिप्तता साबित करके दिखाएं.’’

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 12, 2022 11:12 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).