देश की खबरें | ओडिशा के मुख्यमंत्री ने महिला आईपीएस अधिकारी से दिल्ली में दुष्कर्म पीड़िता से मिलने को कहा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की एक वरिष्ठ अधिकारी को दिल्ली जाने तथा राष्ट्रीय राजधानी में राज्य की एक महिला से दुष्कर्म के मामले में जारी जांच की प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी है।

भुवनेश्वर, 15 अक्टूबर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की एक वरिष्ठ अधिकारी को दिल्ली जाने तथा राष्ट्रीय राजधानी में राज्य की एक महिला से दुष्कर्म के मामले में जारी जांच की प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी है।

ओडिशा की 34 वर्षीय महिला से दिल्ली के सराय काले खां इलाके में कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। वह 11 अक्टूबर को अर्धचेतन अवस्था में मिली थी।

बयान में कहा गया है कि माझी ने अपने गृह जिले क्योंझर से सोमवार रात को भुवनेश्वर लौटने पर ओडिशा पुलिस की महिला एवं बच्चों के खिलाफ अपराध शाखा(सीएडब्ल्यूएंडसीडब्ल्यू) की महानिरीक्षक एस शाइनी से दिल्ली के एम्स में दुष्कर्म पीड़िता से मुलाकात करने तथा उसका हाल-चाल पूछने के लिए कहा है। दुष्कर्म पीड़िता का दिल्ली के एम्स में उपचार हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने आईपीएस अधिकारी से जांच के संबंध में दिल्ली पुलिस से विचार-विमर्श करने के लिए भी कहा है ताकि पीड़िता को न्याय दिलाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली पुलिस को भी आश्वस्त किया है कि ओडिशा सरकार मामले की उचित जांच सुनिश्चित करने के लिए उनके साथ पूरा सहयोग करेगी।

इससे पहले, सोमवार को ओडिशा के पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया ने दिल्ली के पुलिस आयुक्त से बात की और मामले की प्रगति के बारे में पूछा।

इस बीच, पीड़िता के परिजन और राज्य पुलिस के एक पुलिस उपाधीक्षक दिल्ली पहुंच गए हैं।

दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(1) (सामूहिक दुष्कर्म) और धारा 115 (2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।

राज्य में विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने आरोप लगाया है कि राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार दुष्कर्म पीड़िता की कोई मदद नहीं कर रही है। वहीं, राज्य सरकार ने कहा कि वह मामले पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ नजर रख रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\