देश की खबरें | ओडिशा : ऑनलाइन ऋण धोखाधड़ी के आरोप में सीए गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यूओ)ने कथित तौर पर चीनी जालसाज द्वारा किए गए ऑनलाइन ऋण घोटाले के मामले में चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) को गिरफ्तार किया है।
भुवनेश्वर, दो अगस्त ओडिशा पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यूओ)ने कथित तौर पर चीनी जालसाज द्वारा किए गए ऑनलाइन ऋण घोटाले के मामले में चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) को गिरफ्तार किया है।
शिकायत के आधार पर ईडब्ल्यूओ ने गुरुग्राम वासी नीरव गुप्ता उर्फ रमण को दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके से 30 जुलाई को भारतीय दंड संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम -200 के तहत गिरफ्तार किया।
आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर मंगलवार को ओडिशा लाया गया। इससे पहले उसे दिल्ली की तीस हजारी अदालत के समक्ष पेश किया गया था।
ईडब्ल्यूओ ने यहां जारी बयान में बताया कि गुप्ता के बारे में जानकारी तब मिली जब जांच अधिकारी डिजिटल लोन आवेदक को ‘‘क्रेडिट गोल्ड’’ के एजेंटों द्वारा कथित तौर पर उत्पीड़न करने, गाली-गलौज वाले संदेश भेजने और छेड़छाड़ की गई तस्वीर भेजने की शिकायत की जांच कर रहे थे।
शिकायतकर्ता शक्ति प्रसाद दास के मुताबिक उन्होंने ऋण आवेदन डाउनलोड किया और तत्काल उन्हें नौ हजार रुपये का ऋण मिला, लेकिन चार दिन बाद ही उन्हें व्हाट्सऐप पर संदेश आया कि 15,627 रुपये का तत्काल भुगतान करें।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इसके बाद से उसे अलग-अलग नंबर पर फोन आए। बाद में पता चला कि फोन उस फर्म का है जिसके निदेशक नितिन मलिक को गिरफ्तार किया गया है और मौजूदा समय में वह जेल में है।
ईडब्ल्यूओ ने बताया कि मलिक से पूछताछ के आधार पर गुप्ता को पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया, ‘‘गुप्ता कई फर्जी कंपनियों का संचालन कर रहा था जिनका इस्तेमाल चीनी नागरिकों द्वारा डिजिटल ऋण आवेदन पर नकद हस्तांरण के लिए किया जाता था। इसके बदले चीनियों से उसे मलिक के जरिये बड़ी राशि मिलती थी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)