देश की खबरें | ओडिशा: काला जादू के आरोप में 50 वर्षीय व्यक्ति को जिंदा जलाने का प्रयास

भुवनेश्वर, 19 अक्टूबर ओडिशा के नुआपाड़ा जिले में 50 वर्षीय एक व्यक्ति को ग्रामीणों ने कथित तौर पर काला जादू करने का आरोप लगाते हुए जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित की हालत गंभीर है और अस्पताल में उसका इलाज हो रहा है।

पोर्टीपाड़ा गांव के निवासियों ने शुक्रवार शाम को एक बैठक बुलाई थी और पीड़ित खाम सिंह माझी को वहां उपस्थित रहने के लिए कहा गया था।

पुलिस ने बताया कि अवैध अदालत ने माझी पर काला जादू करने का आरोप लगाया और ‘‘सजा’’ के तौर पर उसे आग के हवाले कर दिया।

आग की लपटों ने जब माझी को अपनी चपेट में ले लिया तो वह दर्द से चीखता-चिल्लाता हुआ एक घर से दूसरे घर भागता रहा। जब कोई उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया तो आखिरकार उसने एक तालाब में छलांग लगा दी।

पुलिस ने बताया कि उसके परिवार ने उसे तालाब से बाहर निकाला और सिनाप्पली सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, माझी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला मुख्यालय अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

माझी के बेटे हेमलाल ने आरोप लगाया, “गांव वालों ने एक बैठक बुलाई और मेरे पिता को काला जादू करने के लिए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। जब उन्होंने आरोपों से इनकार किया तो उन्होंने पहले उनकी पिटाई की और फिर उन्हें आग के हवाले कर दिया।"

खरियार के उप-संभागीय पुलिस अधिकारी अरूप बेहरा ने कहा कि सिनापल्ली पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

उन्होंने कहा, “पुलिस के गांव पहुंचने पर अधिकांश लोग अपने घरों से भाग गए।”

उन्होंने कहा, “आरोप हैं कि माझी को जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। जांच अभी प्रारंभिक चरण में है। हम पूरी जांच के बाद ही हमले का कारण पता लगा पाएंगे।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)