देश की खबरें | ओडिशा : मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री माझी ने राज्यपाल से की मुलाकात

भुवनेश्वर, 21 जुलाई ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को राजभवन में राज्यपाल हरिबाबू कंभमपति से मुलाकात की। इससे राज्य में मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार की अटकलें तेज हो गई हैं।

हालांकि मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया, लेकिन चर्चा के बारे में कोई और विवरण नहीं दिया गया।

यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब कुछ दिन पहले ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा था कि माझी मंत्रिमंडल में जल्द ही फेरबदल किया जाएगा।

सामल ने नौ जुलाई को संवाददाताओं से कहा, ‘‘ मंत्रिपरिषद विस्तार को लेकर केंद्रीय नेताओं के साथ चर्चा हो चुकी है।’’

मुख्यमंत्री माझी ने इस महीने की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी।

हालांकि माझी ने 12 जून, 2024 को दो उपमुख्यमंत्रियों और 13 अन्य मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, लेकिन छह मंत्री पद एक वर्ष से अधिक समय से रिक्त पड़े हैं।

मुख्यमंत्री और राज्यपाल के बीच इस अप्रत्याशित मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)