देश की खबरें | ओडिशा: कांग्रेस नेता के घर से नकदी और 50 लाख रुपये के सामान की चोरी के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की ओडिशा इकाई के वरिष्ठ नेता निरंजन पटनायक के घर से 26 जनवरी को 2.50 लाख रुपये नकद और 50 लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी करने के आरोप में बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

भुवनेश्वर, 13 फरवरी कांग्रेस की ओडिशा इकाई के वरिष्ठ नेता निरंजन पटनायक के घर से 26 जनवरी को 2.50 लाख रुपये नकद और 50 लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी करने के आरोप में बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम के रहने वाले सतीश रेड्डी उर्फ ​​‘स्पाइडर’ सतीश के रूप में हुई है।

भुवनेश्वर-कटक के पुलिस आयुक्त एस देव दत्ता सिंह ने यहां संवाददाताओं को बताया, “हमने 400 से अधिक सीसीटीवी फुटेज, 10,000 फोन नंबरों के कॉल रिकॉर्ड और 50 संदिग्धों की जांच के बाद आरोपी को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम के बाहरी इलाके से गिरफ्तार किया।”

उन्होंने बताया कि चोर ने अपने पूरे शरीर, चेहरे को ढका हुआ था और हाथों में दस्ताने पहने हुए थे इसलिए पुलिस के लिए आरोपी की पहचान करना बहुत मुश्किल काम था।

अधिकारी ने बताया, “मामले को सुलझाने के लिए पुलिस के कई विशेष दल बनाए गए थे। टीमों ने जांच के लिए ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और केरल में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की। आखिरकार पता चला कि आरोपी एक मामले के सिलसिले में कुछ समय के लिए केरल की जेल में था।”

सिंह ने बताया, “ सतीश ओडिशा में दो मामलों सहित कम से कम 17 ऐसे मामलों में शामिल था। उसने 2023 में भुवनेश्वर में इसी इलाके में एक प्रसिद्ध ठेकेदार के घर में डकैती डाली थी।”

पुलिस आयुक्त ने बताया, “हमने एक कार, चोरी की गई नकदी, सोने के गहने और अन्य सामान जैसे कपड़े, जूते और एक टॉर्च जब्त की है, जिसका इस्तेमाल उसने अपराध करने के लिए किया था।”

भुवनेश्वर के उपायुक्त पिनाक मिश्रा ने बताया कि आरोपी से लगभग सभी चोरी की गई वस्तुएं और नकदी बरामद कर ली गई है और पीड़ितों को सौंप दी गई है।

कांग्रेस नेता निरंजन पटनायक ने कहा, “हमें चोरी हुई सारी नकदी और अधिकांश गहने मिल गए हैं। हमारा पुलिस बल इस तरह के चोरी के मामले को सुलझाने में काफी सक्षम है। लेकिन उन्हें गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने की आवश्यकता है ताकि वे जघन्य अपराध मामलों को अधिक कुशलता से सुलझा सकें।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\