कांग्रेस की बसों की सूची में कार, एंबुलेंस और ऑटो रिक्शा के नंबर : उप्र सरकार
प्रदेश सरकार के दोनों उप मुख्यमंत्रियों और एक कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस के खिलाफ निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल को प्रवासी मजदूरों से माफी मांगनी चाहिए।
लखनऊ, 19 मई उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस द्वारा प्रवासियों को घर पहुंचाने के लिये सौंपी गई 1000 बसों की सूची में कई दो पहिया और कार जैसे वाहनों के पंजीकरण नंबर हैं और इसे कांग्रेस का ”बस घोटाला” करार दिया।
प्रदेश सरकार के दोनों उप मुख्यमंत्रियों और एक कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस के खिलाफ निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल को प्रवासी मजदूरों से माफी मांगनी चाहिए।
उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस ओछी राजनीति कर रही है और बसों की जो सूची भेजी है उसमें कई काली सूची में है और कई के नंबर बसों के नाम पर पंजीकृत ही नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि यह एक प्रकार का आपराधिक कृत्य है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को प्रवासी श्रमिकों और सरकार से अपने कृत्य के लिये माफी मांगनी चाहिये, क्योंकि इन्होंने नाटक कर दिगभ्रमित करने का काम किया है ।
प्रदेश के एक और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कांग्रेस पर ”बस घोटाला” करने का आरोप लगाया।
उन्होंने ट्वीट किया,''बसों की लिस्ट में ऑटो रिक्शा और बाइक के नंबर डालकर कर रही कांग्रेस कर रही गुमराह! अपने ही छल के जाल में फंस गई कांग्रेस, बसों की लिस्ट में भी निकला घोटाला ।''
इससे पहले प्रदेश सरकार के मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने भी कहा कि कांग्रेस ने जो बसों की सूची भेजी है उनमें सारी बसें नहीं हैं बल्कि उसमें एंबुलेंस, तीन पहिया वाहन और अन्य वाहन भी शामिल हैं।
सिंह ने आज पत्रकारों से बातचीत में कहा ,‘‘ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी नेता राहुल गांधी की जो बस हैं वे कहीं एंबुलेंस निकल रही हैं, कहीं थ्रीव्हीलर और कहीं टाटा मैजिक निकल रही हैं । अभी हम लोगों ने प्रारंभिक जांच की है और उसमें यह बात सामने आ रही है । यह जांच हमने भारत सरकार के वाहन पोर्टल से की है। हजार गाड़ियों की सूची दी गयी है हम एक-एक वाहन की जांच कर रहे हैं ।''
उन्होंने कहा कि,‘‘इतना ही कहा जा सकता है कि राहुल और प्रियंका को श्रमिकों से कोई संवेदना नहीं है,उनके प्रति कोई सेवा भाव नहीं है, उनके अंदर खाली एक बात है कि उनकी फोटो कैसे आए।’’
मंत्री ने अपनी बात की पुष्टि के लिए ऐसे स्क्रीन शॉट भी दिखाए जो बस के स्थान पर थ्रीव्हीलर और सामान ढोने वाले वाहनों के नंबर के थे।
उन्होंने कहा कि ''कांग्रेस की यह हरकत दुर्भाग्यपूण है हम इसकी निंदा करते हैं । पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को इस पर जवाब देना चाहिए।
जफर
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 19, 2020 04:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

