योगी आदित्यनाथ ने कहा कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट से अब पराली और गोबर बनेगा किसानों की अतिरिक्त आय का जरिया
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) प्लांट से ना केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी बल्कि किसानों की आय भी बढ़ेगी।
बदायूं (उत्तर प्रदेश), 27 जनवरी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) प्लांट से ना केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी बल्कि किसानों की आय भी बढ़ेगी. उन्होंने कहा कि इससे किसानों द्वारा खेतों में पराली जलाने की बहुत बड़ी समस्या का समाधान होगा. योगी ने कहा कि जिस पराली को पहले जला दिया जाता था अब ये हमारे किसानों की अतिरिक्त आमदनी का माध्यम बनेगा.
इसके साथ ही गोबर से भी किसानों को अतिरिक्त आय होगी। सीबीजी प्लांट ना केवल किसान और पशुपालकों के लिए, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नये अवसर भी सृजित होंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां दातागंज विधानसभा के सैंजनी गांव में सीबीजी प्लांट का उद्घाटन करने पहुंचे थे. हिन्दुस्तान पेट्रोलियम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस व आवासन एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक रूप से विपन्न क्षेत्र में सीबीजी प्लांट पर्यावरण की रक्षा, अन्नदाता किसानों की आमदनी, युवाओं को रोजगार और नये उद्यम स्थापित करने का नया माध्यम बनने जा रहा है. मुख्यमंत्री ने प्लांट की स्थापना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी का आभार व्यक्त किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के आठ जिलों जौनपुर, अमेठी, सीतापुर, फतेहपुर, बहराइच, बरेली, कन्नौज और बदायूं में सीबीजी प्लांट लगाया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि बदायूं में 133 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित सीबीजी प्लांट 50 एकड़ के क्षेत्र में फैला हुआ है, जिसमें प्रतिदिन 100 मीट्रिक टन धान की पराली का उपयोग करते हुए 14.25 मीट्रिक टन बायोगैस का उत्पादन हो सकेगा. साथ ही 65 मीट्रिक टन ठोस जैविक खाद का प्रतिदिन उत्पादन भी होगा। इससे प्राकृतिक और कच्चे तेल के आयात में कमी आएगी, साथ ही साथ प्रदूषण में भी कमी आएगी.
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के लक्ष्यों को प्राप्त करने में ये संयंत्र सहायक होगा और तो और जैव उर्वरक के प्रयोग से मिट्टी में कार्बन तत्व की वृद्धि होगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में राज्य में 100 सीबीजी प्लांट लगाए जाएंगे। प्रत्येक प्लांट से सीधे सीधे 100 से अधिक लोगों को नौकरियां मिलेंगी। साथ ही साथ इससे जुड़े सहायक उद्यमों में भी बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन होगा. उन्होंने कहा कि एक प्लांट से 147 हजार एकड़ भूमि खेती को शुद्ध किया जा सकेगा.
फर्टिलाइजर के अत्यधिक उपयोग से हमारे खेत जहरीले हो चुके हैं, जिनसे किडनी, लिवर फेल्योर होने के साथ ही कैंसर जैसी घातक बीमारियां बढ़ रही हैं। इसका बस एक ही इलाज है, प्राकृतिक और जैविक खेती. सीबीजी प्लांट प्राकृतिक जैविक खेती को बढ़ावा देने वाला होगा. योगी ने कहा कि सीबीजी प्लांट के अतिरिक्त बदायूं की अलग अलग विधानसभाओं के लिए 424 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन का कार्य भी हो रहा है, जो आने वाले समय में यहां के समाज और लोगों के जीवन में परिवर्तन का कारण बनेगा.
उन्होंने कहा कि जो प्रदेश पहले दंगा प्रदेश हुआ करता था वह आज उत्सव प्रदेश हो गया है.मुख्यमंत्री ने कहा इस वर्ष के अंत तक गंगा एक्सप्रेस-वे बनकर तैयार हो जाएगा, जिसका बड़ा हिस्सा बदायूं से होकर गुजरेगा. उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेस-वे के बन जाने के बाद लखनऊ तक की दूरी तीन घंटे में, प्रयागराज चार घंटे और दिल्ली तीन घंटे में पहुंचा जा सकेगा.
मुख्यमंत्री ने कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट निर्माण करने वाली कंपनियों को धन्यवाद दिया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं को लैपटॉप और उन्नत किसानों को ट्रैक्टर की चाबी भी सौंपी.केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अपने संबोधन में उप्र में बीते सात साल में हुए विकास कार्यों की सराहना की.उन्होंने कहा कि प्रदेश में आने वाले दिनों में 100 से अधिक सीबीजी प्लांट लगने वाले हैं.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 27, 2024 05:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

