देश की खबरें | अब हिन्दू बनने की कोशिश कर रहे हैं केजरीवाल : नोट पर लक्ष्मी-गणेश की तस्वीरों की मांग पर बोली भाजपा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नोटों पर लक्ष्मी-गणेश की तस्वीरों की अरविंद केजरीवाल की मांग के बाद उनके पुराने बयानों का हवाला देते हुए भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को दावा किया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री की ‘यह यू-टर्न राजनीति की पराकाष्ठा है’ और वह हिन्दू बनने का ‘प्रयास’ कर रहे हैं ताकि उनकी पार्टी की ‘हिन्दू विरोधी मानसिकता’ से ध्यान भटकाया जा सके।
नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर नोटों पर लक्ष्मी-गणेश की तस्वीरों की अरविंद केजरीवाल की मांग के बाद उनके पुराने बयानों का हवाला देते हुए भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को दावा किया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री की ‘यह यू-टर्न राजनीति की पराकाष्ठा है’ और वह हिन्दू बनने का ‘प्रयास’ कर रहे हैं ताकि उनकी पार्टी की ‘हिन्दू विरोधी मानसिकता’ से ध्यान भटकाया जा सके।
भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘अपनी सरकार की खामियों को छुपाने और आम आदमी पार्टी की हिन्दू विरोधी मानसिकता से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए वह (केजरीवाल) राजनीतिक ड्रामा कर रहे हैं। केजरीवाल ने संवाददाता सम्मेलन में जो कुछ कहा, वह उनकी यू-टर्न राजनीति का ही हिस्सा है। इसमें उनका पाखंड नजर आता है।’’
उन्होंने रेखांकित किया कि हाल ही में आम आदमी पार्टी की सरकार ने दीवाली पर पटाखे जलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
पात्रा ने ट्वीट किया, ‘‘कल तक जो लोग दीपावली मनाने पर जेल में डालने की धमकी दे रहे थे, राम मंदिर को नकार रहे थे, स्वस्तिक और कश्मीरी हिन्दुओं का अपमान कर थे वो आज कलयुग के कालनेमी बनकर राम-राम और लक्ष्मी गणेश का गान कर रहे हैं, यह यू-टर्न राजनीति की पराकाष्ठा है।’’
उन्होंने हाल ही में आयोजित धर्म परिवर्तन के एक विवादित कार्यक्रम में आप नेता राजेन्द्र पाल गौतम की उपस्थिति का भी हवाला दिया, जहां लोगों ने हिन्दू देवी-देवताओं की पूजा नहीं करने की शपथ ली।
उन्होंने दावा किया कि गौतम ने देवी-देवताओं को ‘गाली दी’ और उनका ‘अपमान’ किया लेकिन वह आप में बने हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल सरकार के मंत्री पद से गौतम को हटाया जाना, सिर्फ लीपा-पोती है।
केजरीवाल ने भारतीय करेंसी नोटों पर लक्ष्मी-गणेश की तस्वीरें छापने का अनुरोध बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी से किया।
मीडिया से बातचीत में केजरीवाल ने कहा कि नये नोटों पर लक्ष्मी-गणेश की तस्वीर छापी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नोटों पर एक ओर महात्मा गांधी और दूसरी ओर लक्ष्मर-गणेश की तस्वीर प्रकाशित की जा सकती है।
भाजपा प्रवक्ता ने यह भी रेखांकित किया कि एक वक्त पर केजरीवाल ने राम मंदिर निर्माण का विरोध किया था और कहा था कि अयोध्या में उस जगह अस्पताल बनना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘लोगों को वह वीडियो देखना चाहिए जिसमें केजरीवाल कह रहे हैं कि वह राम मंदिर (अयोध्या वाली) किसी कीमत पर नहीं जाएंगे क्योंकि भगवान राम ऐसी पूजा स्वीकार नहीं करेंगे।’’
पात्रा ने कहा कि इंटरनेट उनकी (केजरीवाल) हिन्दू-विरोधी टिप्पणियों से भरा हुआ है। साथ ही उन्होंने दिल्ली में फरवरी 2020 में हुए दंगों में आप के तत्कालीन नेता ताहिर हुसैन की कथित संलिप्तता का भी हवाला दिया।
भाजपा प्रवक्ता ने कश्मीर घाटी में उग्रवाद पनपने के बाद कश्मीरी पंडितों की दुर्दशा पर बनी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ का समर्थन करने पर केजरीवाल द्वारा भाजपा की आलोचना किए जाने की बात भी उठायी। पात्रा ने दावा किया कि केजरीवाल ने फिल्म का मजाक बनाया था और अब वह हिन्दू बनने की कोशिश कर रहे हैं।
गौरतलब है कि केजरीवाल ने ‘द कश्मीर फाइल्स’ को कर मुक्त करने की भाजपा की मांग ठुकरा दी थी और फिल्म का समर्थन करने के लिए पार्टी के नेताओं का ‘मजाक’ बनाया था।
पात्रा ने आरोप लगाया, ‘‘केजरीवाल ने दिल्ली में कश्मीरियों को नौकरी देने से इंकार कर दिया। कश्मीरी हिन्दुओं पर हंसने वाले केजरीवाल अचानक हिन्दू बनने की कोशिश कर रहे हैं। सत्ता के लालच ने उन्हें मुखौटा लगाने पर विवश कर दिया है।’’
भाजपा नेता ने दावा किया कि भगवान गणेश और देवी लक्ष्मी का आशीर्वाद भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बना हुआ है क्योंकि वे प्रतिबद्धता के साथ कठिन परिश्रम करते हैं। उन्होंने कहा कि इसलिए भारत पिछले एक दशक में अर्थव्यवस्था के मामले में 11वें स्थान से ऊपर चढ़कर पांचवें नंबर पर पहुंच गया है।
पात्रा ने कहा कि ईश्वर के आशीर्वाद से भारत अग्रणी अर्थव्यवस्था है और मंदी की आशंकाओं के बीच उसे आशा की किरण के रूप में देखा जा रहा है।
पात्रा ने आरोप लगाया कि हिन्दुत्व का विरोध करना केजरीवाल की आदत है और अब वह लक्ष्मी-गणेश का भक्त बनने की कोशिश कर रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 26, 2022 05:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

