देश की खबरें | दिल्ली में नवंबर का महीना 71 साल में सबसे सर्द रहाः आईएमडी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी में नवंबर का महीना 71 वर्ष में सबसे सर्द रहा। औसत न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 30 नवंबर राष्ट्रीय राजधानी में नवंबर का महीना 71 वर्ष में सबसे सर्द रहा। औसत न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, 1949 के नवंबर में औसत न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

यह भी पढ़े | उप्र सरकार के दिशानिर्देश: केन्द्र की अनुमति के बगैर स्थानीय स्तर पर नहीं लगेगा लॉकडाउन.

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, 1938 के नवंबर में औसत न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस, 1931 में नौ डिग्री सेल्सियस और 1930 में 8.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

आम तौर पर नवंबर का औसत न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जाता है।

यह भी पढ़े | RRB Exams 2020: आरआरबी परीक्षाएं 15 दिसंबर से होंगी शुरू, जानें RRB NTPC, ग्रुप डी और अन्य रेलवे परीक्षाओं से जुड़ी जरूरी जानकारी.

पिछले साल नवंबर का औसत न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस, 2018 में 13.4 डिग्री सेल्सियस, 2017 तथा 2016 में 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

दिल्ली में इस साल नवंबर में चार शीतलहर आईं जो तीन, 20, 23 और 24 नवंबर को आई थीं।

मैदानी इलाकों में जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे हो और यह लगातार दो दिन तक सामान्य तापमान से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया जाए तो, आईएमडी इसे शीतलहर घोषित करता है।

आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, “ बहरहाल, दिल्ली जैसे छोटे इलाके में एक दिन के लिए भी मापदंड पूरा होता है तो शीतलहर की घोषणा की जा सकती है।“

दिल्ली का न्यूनतम तापमान सोमवार को 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस महीने में आठवां दिन था जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

श्रीवास्तव के मुताबिक, 23 नवंबर को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो 2003 के नवंबर के बाद सबसे कम था, तब न्यूनतम पारा 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

आईएमडी के अधिकारियों के मुताबिक, 16 नवंबर को छोड़कर इस महीने में अधिकतर दिन आसमान में बादलों की गैर मौजूदगी में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो-तीन डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

राष्ट्रीय राजधानी में अक्टूबर का महीना 58 साल में सबसे सर्द रहा। इस साल अक्टूबर का औसत तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो 1962 के बाद से सबसे कम था। उस साल अक्टूबर का औसत तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\