देश की खबरें | ईडी को नोटिस: भाजपा ने राज्य मानवाधिकार आयोग को द्रमुक की विस्तारित शाखा करार दिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंत्री वी सेंथिल बालाजी की गिरफ्तारी के दौरान मानवाधिकारों के कथित उल्लंघन पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से रिपोर्ट मांगने को लेकर बुधवार को तमिलनाडु राज्य मानवाधिकार आयोग के कदम पर सवाल उठाया और आयोग पर तटस्थ एवं पारदर्शी तरीके से काम नहीं करने का आरोप लगाया।
चेन्नई, 21 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंत्री वी सेंथिल बालाजी की गिरफ्तारी के दौरान मानवाधिकारों के कथित उल्लंघन पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से रिपोर्ट मांगने को लेकर बुधवार को तमिलनाडु राज्य मानवाधिकार आयोग के कदम पर सवाल उठाया और आयोग पर तटस्थ एवं पारदर्शी तरीके से काम नहीं करने का आरोप लगाया।
भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के अन्नामलाई ने आयोग पर राज्य में ‘‘सत्तारूढ़ द्रमुक की विस्तारित शाखा’’ की तरह काम करने का आरोप लगाया और कहा कि कर्तव्य का निर्वहन करते समय केंद्रीय एजेंसी के कर्मियों को संविधान के तहत संरक्षण प्राप्त होता है।
उन्होंने संवाददाताओं से बात करते हुए आरोप लगाया, ‘‘जहां तक तमिलनाडु में राज्य मानवाधिकार आयोग (एसएचआरसी) का संबंध है, यह कमोबेश द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) की विस्तारित शाखा की तरह काम कर रहा है और तटस्थ और स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर रहा...तमिलनाडु में एसएचआरसी इस मामले में पेशेवर और तटस्थ नहीं रहा है।’’
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पूर्व अधिकारी अन्नामलाई ने कहा कि यदि ईडी अधिकारियों को ‘‘उनकी ड्यूटी करने के लिए समन जारी किया जाता है, तो इसका कोई अंत नहीं होगा।’’
उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसी के कर्मी अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए संविधान के तहत सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सब कुछ (बालाजी की गिरफ्तारी के संबंध में) की वीडियोग्राफी की गई है। यह (एसएचआरसी नोटिस) दिखाता है कि द्रमुक सरकार कितनी नीचे गिर गई है।’’
सरकारी अस्पताल से निजी अस्पताल स्थानांतरित करने की बालाजी की याचिका पर, अन्नामलाई ने कहा कि इस तरह से ‘‘द्रमुक स्वीकार कर रही है कि हमारे सरकारी अस्पताल हमारे अपने मंत्रियों के लिए पर्याप्त सुरक्षित नहीं हैं,’’ और सवाल किया फिर आम लोग वहां कैसे जाएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)