देश की खबरें | हेट स्पीच मामले में भाजपा नेताओं को नोटिस, विपक्षी दल ने बघेल समेत अन्य के खिलाफ शिकायत दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ में नफरत फैलाने वाली टिप्पणी के मामले में राज्य के मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी के आठ नेताओं को नोटिस जारी होने के बाद पार्टी ने रायपुर के सिविल लाइंस थाना में प्रदर्शन किया।
रायपुर, 17 अप्रैल छत्तीसगढ़ में नफरत फैलाने वाली टिप्पणी के मामले में राज्य के मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी के आठ नेताओं को नोटिस जारी होने के बाद पार्टी ने रायपुर के सिविल लाइंस थाना में प्रदर्शन किया।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंद कुमार बघेल, दो मंत्रियों, कांग्रेस के एक विधायक और छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तीन अन्य नेताओं के खिलाफ कथित रूप से नफरत फैलाने वाले भाषण देने की शिकायत दर्ज कराई।
रायपुर पुलिस ने पिछले सप्ताह भाजपा के एक प्रवक्ता समेत पार्टी के आठ सदस्यों को सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने वाले पोस्ट करने के आरोप में नोटिस जारी किया था। भाजपा नेताओं को इस संबंध में अपना बयान दर्ज कराने के लिए सोमवार को सिविल लाइंस पुलिस थाने में पेश होने के लिए कहा गया था।
नोटिस के अनुसार भाजपा नेताओं ने आठ अप्रैल को राज्य के बेमेतरा जिले के बिरनपुर गांव में हुई सांप्रदायिक हिंसा से संबंधित पोस्ट किया था।
नोटिस के जवाब में भाजपा नेता और कार्यकर्ता आज दोपहर सिविल लाइंस थाने पहुंचे और वहीं धरने पर बैठ गए।
इस दौरान भाजपा के आठ नेताओं ने भी अपना जवाब प्रस्तुत किया, जिन्हें नोटिस जारी किया गया था।
इस बीच भाजपा ने नंद कुमार बघेल (मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता), राज्य के कैबिनेट मंत्रियों कवासी लखमा और अमरजीत भगत, विधायक शकुंतला साहू और अन्य के खिलाफ अपने लेख में अभद्र का इस्तेमाल करने की शिकायत दर्ज कराई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)