देश की खबरें | पश्चिम बंगाल विधानसभा में सीबीआई, ईडी अधिकारियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल विधानसभा में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के दो अधिकारियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया गया है।
कोलकाता, 17 नवंबर पश्चिम बंगाल विधानसभा में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के दो अधिकारियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया गया है।
नारद स्टिंग मामले में तृणमूल कांग्रेस के तीन विधायकों को गिरफ्तार करते समय विधानसभा अध्यक्ष को सूचित नहीं करके कथित रूप से उनके आसन की गरिमा कम करने के लिए यह नोटिस दिया गया है।
नोटिस देने वाले तृणमूल कांग्रेस के विधायक और मंत्री तापस रॉय ने कहा कि सीबीआई ने नारद मामले में इस साल के शुरू में पार्टी के तीन विधायकों फरहाद हकीम, मदन मित्रा और सुब्रत मुखर्जी को गिरफ्तार किया था लेकिन इसके लिए विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी से अनुमति नहीं मांगी गयी थी और ना ही उन्हें सूचित किया गया।
प्रवर्तन निदेशालय ने भी तीनों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था।
रॉय ने कहा कि सीबीआई और ईडी ने ऐसा करके विधानसभा अध्यक्ष के आसन की गरिमा को कम किया है। इसके साथ ही रॉय ने सीबीआई के उपाधीक्षक सत्येंद्र सिंह और ईडी के सहायक निदेशक आर बिस्वास के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस दिया।
विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने यह मामला विशेषाधिकार विषयों से संबंधित समिति के पास भेज दिया और उससे इसकी जांच करने तथा सदन के अगले सत्र में रिपोर्ट पेश करने को कहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि समिति की कार्यवाही गोपनीय रखी जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)