देश की खबरें | आबकारी नीति मामले में ईडी की किसी भी शिकायत में आरोपी या संदिग्ध के रूप में नामित नहीं : राघव चड्ढा

नयी दिल्ली, दो मई आम आदमी पार्टी (आप) नेता राघव चड्ढा ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दायर आरोपपत्र में उन्हें एक आरोपी के रूप में नामित किए जाने संबंधी मीडिया में आई खबरें “तथ्यात्मक रूप से गलत” हैं।

उन्होंने कहा कि यह खबरें उनकी प्रतिष्ठा व विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाने के लिये एक “दुष्प्रचार” का हिस्सा प्रतीत होती हैं।

आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में दाखिल पूरक आरोपपत्र में ईडी ने आप पर ‘साउथ ग्रुप’ की शराब लॉबी से कथित रूप से प्राप्त 100 करोड़ रुपये की रिश्वत के एक हिस्से का खर्च 2022 में गोवा विधानसभा चुनाव प्रचार में करने का आरोप लगाया है।

दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के सचिव सी. अरविंद के एक बयान के तहत, आरोप-पत्र में राज्यसभा सदस्य चड्ढा का नाम है। इसमें उन्हें आरोपी नहीं बनाया गया है।

ईडी ने कहा, “...कि उपमुख्यमंत्री (सिसोदिया) के आवास पर राघव चड्ढा, पंजाब सरकार के एसीएस वित्त, आबकारी आयुक्त वरुण रूजम और पंजाब आबकारी विभाग के अधिकारियों की बैठक हुई, जहां विजय नायर भी मौजूद था।”

कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया था कि आरोपपत्र में चड्ढा का “नाम” था।

चड्ढा ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ऐसी खबरों को झूठा और दुर्भावनापूर्ण करार दिया।

उन्होंने कहा, “समाचार और रिपोर्ताज जिनमें कहा गया है कि मुझे प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दायर एक शिकायत में एक आरोपी के रूप में नामित किया गया है, तथ्यात्मक रूप से गलत एवं भ्रामक हैं और मीडिया का उपयोग करके मेरी प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाने के लिए प्रचारित प्रतीत होते हैं। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि जांच में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दायर की गई किसी भी शिकायत में मुझे आरोपी या संदिग्ध या गवाह के रूप में नामित नहीं किया गया है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)