देश की खबरें | लैंगिक तटस्थता के खिलाफ नहीं हूं, मुख्यमंत्री का अपमान करने की मंशा नहीं थी: आईयूएमएल के विधायक
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता एवं विधायक एम. के. मुनीर ने हाल में दिए अपने एक बयान पर सफाई देते हुए सोमवार को कहा कि वह लैंगिक तटस्थता के खिलाफ नहीं हैं और न ही उनका इरादा केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन का अपमान करने या उनका उपहास उड़ाने का था।
कोझिकोड (केरल), एक अगस्त इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता एवं विधायक एम. के. मुनीर ने हाल में दिए अपने एक बयान पर सफाई देते हुए सोमवार को कहा कि वह लैंगिक तटस्थता के खिलाफ नहीं हैं और न ही उनका इरादा केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन का अपमान करने या उनका उपहास उड़ाने का था।
मुनीर ने कहा कि वह सिर्फ इस बात पर जोर दे रहे थे कि पितृसत्ता ही लैंगिक तटस्थता तय कर रही है।
गौरतलब है कि मुनीर ने स्कूलों में छात्रों की पोशाक के संबंध में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार की लैंगिक तटस्थता संबंधी नीति की रविवार को आलोचना करते हुए सवाल किया था कि विजयन जब स्कूली बच्चों के लिए लैंगिक रूप से तटस्थ पोशाक की वकालत कर रहे हैं, तो वह यात्रा के दौरान साड़ी और ब्लाउज़ क्यों नहीं पहनते?
मुनीर ने अपने बयान पर सफाई देते हुए सोमवार को एक टीवी चैनल से कहा कि वह लैंगिक तटस्थता के खिलाफ बात नहीं कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘जब आप लैंगिक तटस्थता की बात करते हैं, तो वह दोनों पक्षों के लिए होनी चाहिए। यह विचार कहां से आया कि इसे केवल महिलाओं के पुरुषों की तरह कपड़े पहनकर ही हासिल किया जा सकता है? मेरा बस यही सवाल है। इसके अलावा, मैंने मुख्यमंत्री का अपमान करने या उनका उपहास उड़ाने के लिए कुछ नहीं कहा। अगर उन्हें यह अपमान लगा, तो मैं कहना चाहूंगा कि मेरी ऐसी कोई मंशा नहीं थी।’’
मुनीर ने स्पष्ट किया, ‘‘ जब मैंने पूछा कि मुख्यमंत्री साड़ी या ब्लाउज़ क्यों नहीं पहन सकते, तो मेरे कहने का मतलब यह नहीं था कि वह उसे पहनकर घूमें। मैं बस उदाहरण के तौर पर एक बात कह रहा था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ मैं बस इस बात पर जोर दे रहा था कि पितृसत्ता ही वास्तव में लैंगिक तटस्थता तय कर रही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)