नागपुर,21 दिसंबर महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत ने बुधवार को कहा कि चीन में पिछले कुछ दिनों के दौरान कोविड-19 के मामलों में हुई वृद्धि के लिए जिम्मेदार बताये जा रहे ओमीक्रोन के नये उपस्वरूप का एक भी मामला अब तक महाराष्ट्र में नहीं पाया गया है।
उन्होंने कहा कि हालांकि, जिन देशों में इसके मामले सामने आये हैं, वहां से आने वाले यात्रियों की हवाई अड्डे पर ‘थर्मल’ जांच (शरीर के तामपान की जांच) की जा रही है।
मंत्री ने नागपुर में संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहने और संक्रमण का पता लगाने तथा टीकाकरण करने को कहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘(ओमीक्रोन के नये उपस्वरूप) से संक्रमण का एक भी मामला राज्य में सामने नहीं आया है।’’
उल्लेखनीय है कि ओमीक्रोन के उपस्वरूप बीएफ.7 के अब तक तीन मामले देश में सामने आये हैं, जो चीन में वर्तमान में कोविड के मामलों में अचानक तेजी से हुई वृद्धि के लिए जिम्मेदार हैं।
इन तीन मामलों में, दो गुजरात से और एक ओडिशा से है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY