देश की खबरें | उत्तरी सेना के कमांडर ने राजौरी में अभियानगत स्थिति का जायजा लिया

जम्मू, 24 नवंबर उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने जम्मू-कश्मीर में राजौरी जिले के कालाकोट इलाके का शुक्रवार को दौरा किया और क्षेत्र में अभियानगत स्थिति की समीक्षा की।

विभिन्न हमलों के षडयंत्रकर्ता समेत प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) संगठन के दो विदेशी आतंकवादियों के राजौरी में धर्मसाल के बाजीमाल इलाके में सुरक्षा बलों के साथ 36 घंटे तक चली मुठभेड़ में मारे जाने के एक दिन बाद लेफ्टिनेंट द्विवेदी की यह यात्रा हुई।

सेना के पांच कर्मी - कैप्टन एम वी प्रांजल, कैप्टन शुभम गुप्ता, हवलदार अब्दुल माजिद, लांस नायक संजय बिष्ट और पैराट्रूपर सचिन लौर मुठभेड़ में शहीद हो गये थे।

सेना की उत्तरी कमान ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘उत्तरी कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने राजौरी के कालाकोट इलाके का दौरा किया और अभियानगत स्थिति की समीक्षा की।’’

उन्हें हाल में चलाये गये अभियान के बारे में जानकारी दी गई।

बयान में कहा गया है कि सेना कमांडर ने दुर्गम इलाके में मुश्किल परिस्थितियों में सफल अभियान चलाने के लिए वीर सैनिकों की सराहना की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)