देश की खबरें | भीषण गर्मी से झुलसा उत्तर-पश्चिमी भारत, दिल्ली के नजफगढ़ में तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर-पश्चिमी भारत के कई हिस्सों में शुक्रवार को भीषण गर्मी का प्रकोप रहा और दिल्ली के नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम में अब तक देश में सबसे अधिक है।
नयी दिल्ली, 17 मई उत्तर-पश्चिमी भारत के कई हिस्सों में शुक्रवार को भीषण गर्मी का प्रकोप रहा और दिल्ली के नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम में अब तक देश में सबसे अधिक है।
राजस्थान में 19, हरियाणा में 18, दिल्ली में आठ और पंजाब में दो स्थानों पर पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में उष्ण लहर जारी रहने की आशंका है।
अमेरिका स्थित जलवायु वैज्ञानिकों के समूह ''क्लाइमेट सेंट्रल'' के शोधकर्ताओं ने कहा कि भारत में 54.3 करोड़ लोगों को इस अवधि के दौरान कम से कम एक दिन भीषण गर्मी का अनुभव होगा।
उष्ण लहर की स्थिति तब मानी जाती है जब मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस, तटीय क्षेत्रों में 37 डिग्री और पहाड़ी क्षेत्रों में 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होता है।
क्लाइमेट सेंट्रल में विज्ञान विभाग के उपाध्यक्ष एंड्रयू पर्सिंग ने कहा, ‘‘मानव-जनित जलवायु परिवर्तन ने इस भीषण गर्मी को और अधिक संभावित बना दिया है। रात का अधिकतम तापमान इस घटना को विशेष रूप से चिंताजनक बना देता है।’’
शुक्रवार को नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस और हरियाणा के सिरसा में 47.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के शाम 7:30 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, नजफगढ़ देश का सबसे गर्म स्थान था।
इससे पहले, 30 अप्रैल को गांगेय पश्चिम बंगाल क्षेत्र के कलाईकुंडा में अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
दिल्ली में मुंगेशपुर में पारा 46.5 डिग्री, आयानगर में 46.2 डिग्री, पूसा और जाफरपुर में 45.9 डिग्री, पीतमपुरा में 45.8 डिग्री और पालम में 45.1 डिग्री रहा।
वहीं हिमाचल की निचली और मध्य पहाड़ियों में तापमान बढ़ा है तथा प्रदेश के ऊना में अधिकतम पारा 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा।
आईएमडी ने दिल्ली के लिए अपने पूर्वानुमान में कहा है कि शनिवार को दिन के समय 25 से 35 किमी प्रति घंटे की गति से तेज सतही हवा चल सकती हैं तथा मुख्य रूप से आसमान साफ रह सकता है।
आईएमडी ने चेतावनी दी कि 18-21 मई के दौरान राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में भीषण उष्ण लहर की स्थिति होने के आसार हैं।
शनिवार से पूर्वी और मध्य भारत में उष्ण लहर फिर चल सकती है।
मौसम कार्यालय ने पश्चिमी राजस्थान के लिए रेड अलर्ट जारी किया, जिसमें "संवदेनशील लोगों के लिए अत्यधिक देखभाल" की आवश्यकता पर बल दिया गया।
आईएमडी ने हरियाणा, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और गुजरात के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया और शिशुओं, बुजुर्गों और पहले से बीमारियों से पीड़ित लोगों सहित संवेदनशील लोगों के लिए "उच्च स्वास्थ्य चिंता" जाहिर की।
विभाग ने चेतावनी दी है कि लंबे समय तक धूप में रहने या खुले में भारी काम करने से लोगों के बीमार पड़ने की आशंका है।
मौसम कार्यालय ने मई में पूर्वानुमान जताया था कि उत्तर के मैदानी इलाकों और मध्य भारत में सामान्य से ज्यादा दिन तक उष्ण लहर की स्थिति हो सकती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 17, 2024 10:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

