एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में, श्रीनगर, शिमला में कोई ‘व्हाइट क्रिसमस’ नहीं

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर भारत बुधवार को भी भीषण शीतलहर की चपेट में रहा तथा श्रीनगर और शिमला जैसे पसंदीदा स्थानों पर पर्यटक ‘‘व्हाइट क्रिसमस’’ देखने से वंचित रहे।

देश की खबरें | उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में, श्रीनगर, शिमला में कोई ‘व्हाइट क्रिसमस’ नहीं

नयी दिल्ली, 25 दिसंबर उत्तर भारत बुधवार को भी भीषण शीतलहर की चपेट में रहा तथा श्रीनगर और शिमला जैसे पसंदीदा स्थानों पर पर्यटक ‘‘व्हाइट क्रिसमस’’ देखने से वंचित रहे।

श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश में लाहौल और स्पीति जिले का ताबो सबसे ठंडा स्थान रहा जहां रात का तापमान शून्य से 10.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

पंजाब, हरियाणा, राजस्थान जैसे राज्यों और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी भीषण ठंड की स्थिति बनी रही।

क्रिसमस के दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री अधिक है। राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है।

कश्मीर में अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है और घाटी में भीषण ठंड जारी है जिससे कई जलाशय और कई क्षेत्रों में जलापूर्ति लाइन जम गई हैं।

मौसम कार्यालय ने अगले दो दिनों में कश्मीर में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

गुलमर्ग को छोड़कर, कश्मीर घाटी के अन्य सभी मौसम केंद्रों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

कश्मीर घाटी फिलहाल 21 दिसंबर से शुरू हुए ‘चिल्ला-ए-कलां’ के दौर से गुजर रही है। इस अवधि में 40 दिन तक भीषण ठंड पड़ती है।

तापमान में गिरावट के कारण पानी की आपूर्ति लाइन जम गई हैं, यहां तक ​​कि डल झील सहित कई जलाशयों की सतह पर बर्फ की एक पतली परत बन गई।

हालांकि, क्रिसमस पर श्रीनगर में हिमपात नहीं होने से पर्यटकों को निराशा हुई। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में इस मौसम में अब तक कोई बर्फबारी नहीं हुई है।

जम्मू से आई पर्यटक पूनम ने कहा, ‘‘हमें अच्छा लगा, हमने खूब मौज-मस्ती की। कोई खतरा नहीं है, लोग भाईचारे के साथ रहते हैं और हमने क्रिसमस मनाया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ठंड है। कश्मीर में ‘व्हाइट क्रिसमस’ मनाया जाता था और यह बहुत अच्छा होता था, लेकिन इस साल श्रीनगर में हिमपात नहीं हुआ है और लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हम अच्छी बर्फबारी की प्रार्थना करते हैं।’’

अधिकारियों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में हिमपात के कारण तीन राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 226 सड़कें बंद हो गई हैं।

जोत में न्यूनतम तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट के कारण कड़ाके की ठंड की स्थिति है जहां पिछले 24 घंटों में 10 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई।

राज्य आपातकालीन अभियान केंद्र के अनुसार, शिमला जिले में सबसे ज्यादा 123, लाहौल और स्पीति में 36 तथा कुल्लू में 25 सड़कें बंद हैं।

इसके अतिरिक्त, 173 ट्रांसफॉर्मर बाधित हो गए जिससे राज्य भर में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।

पहाड़ों की रानी शिमला में ‘व्हाइट क्रिसमस’ का लुत्फ उठाने की स्थानीय लोगों और पर्यटकों की उम्मीदों पर तब पानी फिर गया जब बुधवार की सुबह शहर में तेज धूप निकली।

मौसम कार्यालय ने शुक्रवार शाम से रविवार दोपहर तक राज्य के कुछ हिस्सों, खासकर शिमला में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

राजस्थान के कई इलाके बुधवार को भी घने कोहरे से ढके रहे और राज्य में ठंड की स्थिति बनी रही।

पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान में एक जगह हल्की बारिश हुई जबकि कई जगहों पर कोहरा और घना कोहरा छाया रहा। पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर ‘ठंडा दिन’ दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब और हरियाणा में बुधवार को ठंड की स्थिति बनी रही और फरीदकोट में न्यूनतम तापमान सबसे कम 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब में अमृतसर में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर में 5.7 डिग्री सेल्सियस और गुरदासपुर में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हरियाणा में नारनौल 5.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा।

हिसार में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस, करनाल और सिरसा में 8 डिग्री सेल्सियस और गुरुग्राम में 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण दो दिन की बारिश के बाद बुधवार दोपहर पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रहा।

सोमवार और मंगलवार को हुई हल्की बूंदाबांदी के कारण कोहरा छा गया और तापमान में काफी गिरावट आई जिससे पिछले 48 घंटों में ठंड और बढ़ गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 दिसंबर से बारिश फिर से शुरू होने से पहले बृहस्पतिवार को मौसम साफ रहने की उम्मीद है।

बुधवार सुबह लखनऊ में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे दिन के तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 25, 2024 09:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).