देश की खबरें | नॉर्थ ब्लॉक बम अफवाह मामला : दिल्ली पुलिस ने गूगल को पत्र लिखकर जानकारी मांगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी स्थित नॉर्थ ब्लॉक को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के एक दिन बाद दिल्ली पुलिस ने इस सिलसिले में बृहस्पतिवार को गूगल को पत्र लिखकर उसके आईपी एड्रेस की जानकारी मांगी। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 23 मई राष्ट्रीय राजधानी स्थित नॉर्थ ब्लॉक को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के एक दिन बाद दिल्ली पुलिस ने इस सिलसिले में बृहस्पतिवार को गूगल को पत्र लिखकर उसके आईपी एड्रेस की जानकारी मांगी। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
इंटरनेट प्रोटोकॉल (आईपी) एड्रेस एक विशिष्ट पहचान संख्या है जो इंटरनेट से जुड़े प्रत्येक उपकरण को सौंपी जाती है।
बुधवार को बम की धमकी से नॉर्थ ब्लॉक में खतरे की घंटी बज गई थी, जहां गृह मंत्रालय (एमएचए) का कार्यालय है। लेकिन, कुछ भी संदिग्ध नहीं पाए जाने के बाद इसे अफवाह घोषित कर दिया गया।
एक आधिकारिक सूत्र ने बताया कि गूगल को उस ई-मेल का आईपी एड्रेस प्रदान करने के लिए एक पत्र भेजा गया है। जो ई-मेल गृह मंत्रालय कार्यालय को भेजा गया था।
दिल्ली पुलिस का विशेष प्रकोष्ठ और स्थानीय पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। एक अधिकारी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच के लिए कर्तव्य पथ पुलिस थाने में मामला दर्ज किया जा सकता है।
गृह मंत्रालय में तैनात एक वरिष्ठ अधिकारी को अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे ईमेल के जरिये धमकी मिली।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ईमेल में लिखा था कि ''इमारत में बम रखा है जो फटने वाला है’’।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि ईमेल एक गुमनाम ‘जीमेल एड्रेस’ से भेजा गया था और संदेह है कि भेजने वाले ने वीपीएन का उपयोग किया है, जिससे आईपी एड्रेस का पता नहीं चल पाता।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)