देश की खबरें | जवाबदेही नहीं निभा रही हैं गैर भाजपा राज्य सरकारें: जितेंद्र सिंह

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शनिवार को दावा किया कि गैर-भाजपा राज्य सरकारें जवाबदेही नहीं निभा रही और केंद्रीय धन की दुरुपयोग और अपव्यय होने दे रही हैं।

जालंधर (पंजाब), छह मई केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शनिवार को दावा किया कि गैर-भाजपा राज्य सरकारें जवाबदेही नहीं निभा रही और केंद्रीय धन की दुरुपयोग और अपव्यय होने दे रही हैं।

सिंह ने उपचुनाव के लिए प्रचार के तहत यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार केंद्र पर राज्य के लिए धन रोकने का आरोप लगाती रही है।

कार्मिक राज्य मंत्री सिंह ने कहा कि हालांकि, तथ्य यह है कि केंद्र से राज्य सरकार द्वारा पहले प्राप्त किए गए अनुदानों का कभी भी उस उद्देश्य के लिए उपयोग नहीं किया गया, जिसके लिए वे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय अनुदान का इस्तेमाल उनकी अपनी प्राथमिकताओं के लिए किया गया और अब केंद्र से और धनराशि जारी करने के लिए जब उपयोग प्रमाणपत्र (यूसी) मांगे जा रहे हैं, तो वे इसे पेश करने में असमर्थ हैं।’’

मंत्री ने कहा कि केंद्रीय अनुदानों में से कई का उपयोग विकास परियोजनाओं के बजाय अखबारों और अन्य मीडिया में विज्ञापनों के माध्यम से स्वप्रचार के लिए और आप नेताओं के प्रचार के लिए असाधारण कार्यक्रमों के आयोजन के लिए किया जा रहा है।

सिंह ने कहा कि गैर-भाजपा राज्य सरकारें जवाबदेही नहीं निभा रही हैं, जबकि भाजपा शासित राज्यों में केंद्रीय आलाकमान के प्रति पूर्ण जवाबदेही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कल्याणकारी योजनाओं का गंभीरता से पालन किया जाता है।

उन्होंने एक और उदाहरण पेश करते हुए कहा कि गैर-भाजपा राज्यों में, न केवल वे केंद्रीय धन का दुरुपयोग और अपव्यय करते हैं, बल्कि योजनाओं को भी गंभीरता से लागू नहीं किया जाता और जवाबदेह नहीं निभाते।

केंद्रीय मंत्री ने पंजाब राज्य में बढ़ती अराजकता की स्थिति के बारे में भी चिंता व्यक्त की और संकल्प लिया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य में लोगों के बीच भाईचारे, राष्ट्रवाद और आपसी सद्भाव के मूल्यों को बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

दिल्ली सरकार के बारे में बात करते हुए, सिंह ने कहा कि इस तथ्य से ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण कुछ नहीं हो सकता कि दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के लगभग तीन या चार मंत्री भ्रष्टाचार और हेराफेरी को लेकर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के आरोपों का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी ने एक विकसित भारत के लिए एक ऐसा प्रशासनिक पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने की कल्पना की थी, जिसमें भ्रष्टाचार के लिए बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करने की नीति हो, लेकिन पंजाब राज्य में आप की अगुवाई वाली सरकार भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा पेश किये गए परिवर्तनकारी सुधारों के कार्यान्वयन में देरी करके भ्रष्टाचार मुक्त पारिस्थितिकी तंत्र बनाने की दिशा में बाधाएं पैदा कर रही है।

उन्होंने कहा कि यह लोगों के हित में है कि वे केंद्रीय धनराशि से लाभान्वित हों, जो मोदी सरकार द्वारा बहुत सावधानी से प्रदान किया जाता है।

सिंह ने कहा, ‘‘मोदी सरकार ने हमेशा सहकारी संघवाद की नीति का पालन किया है और राज्य सरकार के धन के हिस्से में भी वृद्धि की है। यह संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) नीत केंद्र सरकार के दौरान जो हो रहा था, उसके विपरीत है, जब भाजपा के नेतृत्व वाली गुजरात सरकार को संप्रग के नेतृत्व वाली तत्कालीन केंद्र सरकार द्वारा सभी प्रकार से धमकाया गया और सीबीआई के झूठे मामले दर्ज किए गए जो बाद में साबित नहीं हो सके।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\