नोकिया को भारती एयरटेल से मिला 5जी नेटवर्क तैयार करने के लिए 7,500 करोड़ रुपये का ठेका
जमात

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल दूरसंचार उपकरण बनाने वाली प्रमुख कंपनी नोकिया को भारती एयरटेल से 5जी नेटवर्क तैयार के लिए 7,500 करोड़ रुपये का ठेका मिला है। इसके तहत कंपनी देश के नौ दूरसंचार सर्किलों में ये नेटवर्क तैयार करेगी।

भारती एयरटेल ने मंगलवार को बताया कि इस ठेके के तहत नोकिया 4जी सेवाओं के लिए तीन लाख बेस स्टेशन तैयार करेगी, जिसे अगली पीढ़ी की सेवाओं के लिए स्पेक्ट्रम मिलने के बाद 5जी नेटवर्क में अपग्रेड किया जा सकेगा।

भारती एयरटेल ने नेटवर्क क्षमता और ग्राहकों की सुविधा बेहतर बनाने के लिए यह ठेका दिया है। एयरटेल ने इन नौ दूरसंचार सर्किलों में नोकिया की सिंगल रेडियो एक्सेस नेटवर्क (एसआरएएन) प्रौद्योगिकी के लिए कई वर्षों का समझौता करने की घोषणा की है।

सूत्रों के मुताबिक इस ठेके का मूल्य करीब 7,500 करोड़ रुपये है।

एयरटेल ने एक बयान में कहा कि इन उपकरणों के माध्यम से भविष्य में 5जी सेवाएं देने में मदद मिलेगी। इसके तहत एयरटेल के इन नौ सर्किल में करीब तीन लाख रेडियो नटवर्क उपकरण लगाए जाएंगे।

यह इस साल का पहला नेटवर्क विस्तार सौदा है। गौरतलब है कि लॉकडाउन के दौरान तेज गति वाले डाटा की मांग करीब 20 प्रतिशत बढ़ी है।

भारती एयरटेल ने बयान में कहा कि हम ग्राहकों को बेहतरीन सेवाएं मुहैया कराने के लिए नई प्रौद्योगिकी में लगातार निवेश करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नोकिया के साथ यह पहल इस दिशा में एक बड़ा कदम है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)