नोएडा मेट्रो दोबारा संचालन शुरू करने को लेकर पूरी तरह तैयार
उन्होंने बताया कि यात्रियों को सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने के साथ ही मेट्रो स्टेशन में और ट्रेन में पहुंचने पर हाथों को सेनेटाइज करना होगा। साथ ही कहा कि भीड़ बढने की स्थिति में स्टेशन में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
नोएडा (उप्र), 16 मई नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो सेवा दोबारा शुरू होने पर यात्रियों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा और उन्हें अपने फोन में आयोग्य सेतु ऐप भी डाउनलोड करना होगा। अधिकारियों ने शनिवार को कहा कि मेट्रो पर सवारी करने वाले व्यक्ति के शरीर का तापमान भी 37.7 डिग्री सेल्सियस से अधिक नहीं होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि यात्रियों को सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने के साथ ही मेट्रो स्टेशन में और ट्रेन में पहुंचने पर हाथों को सेनेटाइज करना होगा। साथ ही कहा कि भीड़ बढने की स्थिति में स्टेशन में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि नोएडा मेट्रो रेल निगम (एनएमआरसी) लॉकडाउन समाप्त होने के बाद अपनी एक्वा लाइन सेवाओं को शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है और केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है।
एनएमआरसी की प्रबंध निदेशक रितु माहेश्वरी ने कहा, '' एनएमआरसी अपने स्टेशनों और रेल के भीतर सभी जरूरी तैयारियां कर रहा है ताकि एक्वा लाइन के यात्रियों के लिए कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के मद्देनजर लागू सरकारी जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।''
संचालन के संबंध में एनएमआरसी ने कहा कि शुरुआत में कुछ दिन के लिए रविवार से शनिवार तक पूरे सप्ताह 15 मिनट के समय अंतराल में ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
माहेश्वरी ने कहा, '' यात्रियों की संख्या के हिसाब से आंकलन करने के बाद अगर जरूरत हुई तो ट्रेनों की संचालन अवधि में बदलाव किया जाएगा। निषिद्ध जोन में आने वाले स्टेशन बंद रहेंगे और ट्रेन इन स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।''
उन्होंने एक बयान में कहा कि बदलावों के बारे में यात्रियों को सार्वजनिक सूचना और घोषणाओं के जरिए जानकारी दी जाएगी। यात्री एनएमआरसी की वेबसाइट पर भी इस बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2020 10:19 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

