देश की खबरें | नोएडा : यमुना नदी में तैरता हुआ शव बरामद

नोएडा (उत्तर प्रदेश), 16 जुलाई गौतमबुद्ध नगर जिले के एक्सप्रेस-वे थाना क्षेत्र में नगला नगली गांव के पुस्ते के पास यमुना नदी के पानी में तैरता हुआ एक शव रविवार को बरामद हुआ है। पुलिस ने बताया कि 20 साल का यह युवक दो दिनों से लापता था।

एक्सप्रेस-वे थाना की प्रभारी सरिता मलिक ने बताया कि नगला नगली पुस्ते के पास आज सुबह एक युवक का शव यमुना नदी के पानी में तैरता हुआ दिखा। उन्होंने बताया कि लोगों से इस संबंध में सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

उन्होंने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर मृतक की पहचान राजस्थान के भीलवाड़ा जिला निवासी राजन के रूप में हुई है। यहां वह नगला नगली गांव के पास लेबर कैंप में रहता था।

उन्होंने बताया कि उसके परिजनों के अनुसार वह पिछले दो दिन से लापता था।

पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)