नयी दिल्ली, 13 जुलाई केंद्र ने सरकार की पहल डिजिटल कॉमर्स के लिये खुला नेटवर्क (ओएनडीसी) से स्टार्टअप, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (एमएसएमई) और खुदरा विक्रेताओं को जोड़ने को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सभी राज्यों में नोडल अधिकारी नियुक्त किये हैं।
ओएनडीसी उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) की पहल है। इसका मकसद एक खुला और अंतर-संचालित नेटवर्क बनाना है, जिसपर खरीदार और विक्रेता एक ही मंच पर उपस्थित होने की आवश्यकता के बिना लेनदेन कर सकते हैं।
यह न तो एक एप्लिकेशन है, न ही मंच, मध्यस्थ या सॉफ्टवेयर। बल्कि यह खुला और अंतर-संचालित नेटवर्क को बढ़ावा देने के लिये तैयार किया गया है।
यह छोटे खुदरा विक्रेताओं को ई-कॉमर्स के माध्यम से देशभर में खरीदारों को अपनी सेवाएं और सामान प्रदान करने का अवसर प्रदान करता है। इसमें खरीदार किसी भी मंच पर बेचे जाने वाले उत्पादों को खरीद सकेंगे।
अधिकारी ने कहा कि हर राज्य में नोडल अधिकारी नेटवर्क का लाभ उठाने के लिये स्टार्टअप, एमएसएमई, खुदरा विक्रेताओं और राज्य निकायों के लिये कार्यक्रम चलाएंगे।
नियुक्तियां सभी राज्य सरकारों के सहयोग से की गईं।
डीपीआईआईटी में संयुक्त सचिव संजीव ने कहा कि अधिकारी जागरूकता बढ़ाने, स्थानीय ई-कॉमर्स परिवेश को मजबूत बनाने और स्थानीय कारोबारियों को नेटवर्क पर लाने में मदद करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY